Jehanabad News: अल्केम लैबोरेट्रीज के संस्थापक एवं प्रख्यात उद्योगपति स्वर्गीय संप्रदा सिंह की 101वीं जयंती समारोह का भव्य आयोजन जहानाबाद के स्थानीय टाउन हॉल में किया गया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, विधान पार्षद अजय कुमार सिंह, पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार और जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके उपरांत उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने संप्रदा बाबू के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
देश-विदेश में बिहार का नाम रोशन किया: डॉ. अशोक चौधरी
समारोह के मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि संप्रदा सिंह ने दवा व्यवसाय के क्षेत्र में शून्य से शुरुआत कर जिस तरह देश-विदेश में एक विशाल व्यावसायिक साम्राज्य स्थापित किया, उससे पूरे देश में बिहार का गौरव और सम्मान बढ़ा. उन्होंने कहा, "मेरा पैतृक घर भी जहानाबाद में है, इसलिए संप्रदा बाबू की जयंती समारोह में शामिल होना मेरा कर्तव्य था. उनका पूरा जीवन और संघर्ष की गाथा आज की युवा पीढ़ी के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है." मंत्री ने आगे कहा कि उनके निधन के बाद भी उनके परिवार ने मुजफ्फरपुर में कैंसर अस्पताल निर्माण हेतु जो ऐतिहासिक दान दिया, उस पर समूचे बिहारवासियों को गर्व है.
संघर्ष और सादगी की मिसाल थे संप्रदा बाबू: डॉ. अरुण कुमार
जयंती समारोह को संबोधित करते हुए जहानाबाद के पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि संप्रदा बाबू हमेशा युवाओं के मार्गदर्शक रहे. उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से जो मुकाम हासिल किया, वह अद्वितीय है. इतने बड़े साम्राज्य के मालिक होने के बावजूद उनका स्वभाव हमेशा सरल और अभिभावक जैसा रहा. वहीं, विधान पार्षद अजय कुमार सिंह ने कहा कि संप्रदा बाबू बेहद कुशल और व्यावहारिक व्यक्तित्व के धनी थे और व्यापार के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां सदैव अनुकरणीय रहेंगी.
51 उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
इस गरिमामयी अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 51 शिक्षकों को मंत्री डॉ. अशोक चौधरी एवं अन्य अतिथियों द्वारा अंगवस्त्र, शॉल, प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता अल्केम को-ऑर्डिनेटर पंकज कुमार ने की तथा मंच का कुशल संचालन सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मिथिलेश्वर शर्मा ने किया.
समारोह में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह को जदयू के प्रदेश सचिव राजीव नयन उर्फ राजू सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष सुशील कुमार सिन्हा सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया. इस दौरान जिले के तमाम प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
