Sadar Hospital Jehanabad : जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सदर अस्पताल में इलाज की सुविधा अब और बेहतर होने जा रही है. गंभीर और आकस्मिक मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल में दो बेड का अत्याधुनिक आईसीयू वार्ड शुरू किया जा रहा है. अगले कुछ दिनों में इसका विधिवत शुभारंभ होगा. इसके शुरू होने के बाद गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पटना या निजी अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी.
गंभीर मरीजों को मिलेगा तत्काल इलाज
जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) खालिद हुसैन ने बताया कि आईसीयू वार्ड शुरू होने से गंभीर मरीजों को हायर सेंटर रेफर करने की आवश्यकता में कमी आएगी. वार्ड के सफल संचालन के लिए शिफ्टवार चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है. नोडल टीम में क्रिटिकल केयर, मेडिसिन और एनेस्थीसिया विभाग के विशेषज्ञ शामिल किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को 24 घंटे विशेषज्ञों की निगरानी मिल सकेगी.
अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होगा वार्ड
आईसीयू वार्ड को वेंटिलेटर, मल्टी पैरा मॉनिटर, इन्फ्यूजन पंप, डीफिब्रिलेटर, सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई, सक्शन मशीन सहित सभी आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है. इसके अलावा वार्ड में एसी, संक्रमण नियंत्रण प्रणाली और 24 घंटे पावर बैकअप की व्यवस्था भी होगी. यहां हार्ट अटैक, स्ट्रोक, सड़क दुर्घटना, जहर खाने तथा गंभीर श्वसन रोगों से पीड़ित मरीजों का तत्काल इलाज किया जा सकेगा.
डॉक्टरों और स्टाफ को दिया गया प्रशिक्षण
डीपीएम ने बताया कि उपकरणों की टेस्टिंग, स्टाफ की तैनाती और आवश्यक दवाओं का स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है. पीकयू वार्ड में दो बेड का आईसीयू तैयार किया गया है और जल्द ही इसका शुभारंभ किया जाएगा. आईसीयू के संचालन के लिए डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है. डॉक्टरों और नर्सों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है, ताकि मरीज और परिजन आसानी से उनकी पहचान कर सकें. आईसीयू में प्रशिक्षित नर्स, जीएनएम, टेक्नीशियन और वार्ड ब्वॉय की तैनाती की जाएगी. इमरजेंसी से सीधे मरीजों को आईसीयू में शिफ्ट करने के लिए भी विशेष प्रोटोकॉल तैयार किया जा रहा है.
स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि सदर अस्पताल में आईसीयू की शुरुआत जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी. इससे अस्पताल की चिकित्सा क्षमता बढ़ेगी और गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा.
Also Read: बांकीपुर उपचुनाव में BJP की साख दांव पर, प्रशांत किशोर उतरे तो उनके लिए भी होगी अग्निपरीक्षा
