jehanabad News : जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के नवी नगर में पिछले दो महीने से जारी पेयजल संकट के विरोध में सोमवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित महिलाओं ने बाल्टी और गैलेन लेकर बिजली कार्यालय के समीप जहानाबाद-एकंगरसराय मुख्य मार्ग (एनएच-33) को जाम कर दिया. अचानक हुए जाम से मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
दो महीने से नहीं मिल रहा नियमित पेयजल
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि पिछले दो महीनों से मोहल्ले में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है. हालात ऐसे हैं कि पीने का पानी जुटाना भी मुश्किल हो गया है. महिलाओं को दूर-दराज के चापाकलों और निजी स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है, जबकि बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब बार-बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, तब मजबूर होकर सड़क जाम करना पड़ा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, आश्वासन के बाद वार्ता जारी
सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम हटवाने का प्रयास शुरू किया. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या से संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाएगा तथा पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी. खबर लिखे जाने तक प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच वार्ता जारी थी. स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं निकला तो वे फिर आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
