jehanabad News : कलेर पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 74 लीटर देसी शराब बरामद की. इस दौरान पुलिस ने एक शराब कारोबारी को भी गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमीरी बिगहा निवासी विश्वजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय भेज दिया.
तीन स्थानों से मिली शराब
कलेर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से देसी शराब के भंडारण और बिक्री की सूचना मिल रही थी. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की. बरदली बिगहा स्थित एक बगीचे से 24 लीटर, कलेर लाइब्रेरी के समीप एक बगीचे से 25 लीटर और दिलावरपुर से 25 लीटर देसी शराब बरामद की गयी.
राइस मिल के पास शराब बेचते पकड़ा गया
थानाध्यक्ष ने बताया कि दिलावरपुर में सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति राइस मिल के समीप शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहा है. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की. वहां से 25 लीटर देसी शराब के साथ विश्वजीत कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी राइस मिल के पास शराब रखकर उसकी बिक्री करता था.
शराब पहुंचाने वालों की तलाश
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपी के पास शराब कहां से पहुंचती थी और इस अवैध कारोबार में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. पुलिस संभावित आपूर्तिकर्ताओं और अन्य कारोबारियों की पहचान के लिए जांच कर रही है.
अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और इलाकों से अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण को लेकर लगातार सूचनाएं मिल रही हैं. इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. जहां से भी शराब बिक्री या भंडारण की सूचना मिलती है, वहां जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाती है. एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों से 74 लीटर देसी शराब की बरामदगी के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप है. थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब की बिक्री और कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने लोगों से भी अवैध शराब की बिक्री या भंडारण की सूचना पुलिस को देने की अपील की.
