Vigilance and Investigation Bureau : जहानाबाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रतनी फरीदपुर प्रखंड की पंडौल पंचायत के मुखिया नंदकिशोर राम को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. मुखिया पर मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्य के भुगतान के एवज में कमीशन मांगने का आरोप है.
मनरेगा कार्य का भुगतान के लिए मांग रहे थे 12 हजार
जानकारी के अनुसार,पोखमा निवासी प्रमोद कुमार से मनरेगा के तहत किए गए कार्य का भुगतान कराने के बदले लगातार 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी. बार-बार पैसे की मांग से परेशान होकर प्रमोद कुमार ने 23 जुलाई को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने 24 और 25 जुलाई को जहानाबाद पहुंचकर मामले का सत्यापन किया. जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विभाग ने विशेष टीम का गठन कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई.
गिरफ्तार करके टीम पूछताछ के लिए पटना ले गयी
शनिवार को पूर्व निर्धारित रणनीति के तहत निगरानी टीम ने रतनी के नेहालपुर मोड़ के समीप जाल बिछाया. जैसे ही शिकायतकर्ता ने मुखिया को 12 हजार रुपये दिए, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ पटना ले गई. इस कार्रवाई के बाद जिले के पंचायत प्रतिनिधियों और सरकारी तंत्र में हड़कंप मच गया है. निगरानी विभाग आरोपी से पूछताछ कर रहा है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
