Jehanabad SS College: स्थानीय एसएस कॉलेज के भौतिकी विभाग एवं राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से सोमवार को नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पृथक-पृथक ओरिएंटेशन कार्यक्रम तथा पेरेंट्स-टीचर मीटिंग का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को विभागीय शैक्षणिक गतिविधियों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली तथा उच्च शिक्षा में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देना था, ताकि विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत कर सकें.
भौतिकी विभाग ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने पर दिया जोर
भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. वकील राय ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए विभाग का परिचय कराया. उन्होंने विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रयोगशाला सुविधाओं तथा शिक्षकों से विद्यार्थियों का परिचय कराया. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुशासन, अनुसंधान की प्रवृत्ति तथा व्यक्तित्व विकास का सशक्त केंद्र है.
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, प्रयोगात्मक कार्यों में रुचि लेने तथा पुस्तकालय एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों का समुचित उपयोग करने का आह्वान किया.
नई शिक्षा नीति के प्रावधानों की दी गई जानकारी
भौतिकी विभाग के प्राध्यापक सह आईक्यूएसी के समन्वयक डॉ. प्रतीक कुमार दास ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों एवं उसकी विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को बहुविषयक अध्ययन, कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार तथा रोजगारोन्मुख शिक्षा के व्यापक अवसर प्रदान करती है.
उन्होंने विद्यार्थियों से नई शिक्षा व्यवस्था का पूरा लाभ उठाने तथा अभिभावकों से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति में निरंतर सहयोग देने का आग्रह किया.
राजनीति विज्ञान विभाग ने व्यक्तित्व निर्माण पर दिया बल
राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यदेव सिंह ने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास तथा लोकतांत्रिक चेतना के संवर्धन का सशक्त माध्यम है. उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने, पुस्तकालय का अधिकाधिक उपयोग करने तथा अनुशासन एवं समयपालन को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सलाह दी.
विभाग के शिक्षक डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि राजनीति विज्ञान का अध्ययन विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करता है. उन्होंने कहा कि सफलता का आधार केवल प्रतिभा नहीं, बल्कि सतत अध्ययन, जिज्ञासा, अनुशासन और सकारात्मक सोच है.
उन्होंने विद्यार्थियों को समसामयिक घटनाओं के प्रति सजग रहने, अध्ययन के आधुनिक साधनों का सार्थक उपयोग करने तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया.
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का किया गया समाधान
दोनों विभागों के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया. इस दौरान पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, उपस्थिति, विभागीय गतिविधियों, अनुसंधान, प्रयोगशाला सुविधाओं तथा रोजगार की संभावनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई.
कार्यक्रम में डॉ. विनोद कुमार राय, डॉ. इमरान अरशद, प्रो. प्रवीण दीपक, डॉ. अंशु कुमार मल्लिक, डॉ. मधु कुमारी, डॉ. सीमा कुमारी, डॉ. स्मिति रेखा, अनिल कुमार द्विवेदी, प्रेम कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन डॉ. बिरु पासवान ने किया.
नवप्रवेशी विद्यार्थियों के अभिभावकों ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें महाविद्यालयीन जीवन, अध्ययन पद्धति और भविष्य की संभावनाओं को समझने में सहायता मिलती है.
