मखदुमपुर (जहानाबाद) से रमेश कुमार की रिपोर्ट
Jahanabad News: मखदुमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेर गांव के समीप शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बोलेरो का टायर अचानक फट जाने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर विरोध जताया. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी सुजीत कुमार के रूप में की गई है. वहीं घायलों में विकास कुमार, मनीष कुमार, नीतीश कुमार और अजित कुमार शामिल हैं. सभी घायलों का इलाज मखदुमपुर स्थित सुखदेव प्रसाद वर्मा रेफरल अस्पताल में कराया जा रहा है. चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
कोलकाता से घूमकर लौट रहे थे घर
घायलों ने बताया कि मुजफ्फरपुर से कुल सात लोगों के साथ बोलेरो वाहन से कोलकाता घूमने गए थे. शुक्रवार की सुबह सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नेर गांव के समीप अचानक बोलेरो का एक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए.
मामले की जांच की जा रही
घटना की सूचना मिलते ही मखदुमपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
ALSO READ: जहानाबाद में कैंप लगाकर शिक्षकों के अंतर वेतन का होगा भुगतान
