जहानाबाद शहर के पहले सहयोग शिविर से जनप्रतिनिधियों ने बनाई दूरी, पूरे दिन में आए केवल 11 आवेदन

जहानाबाद शहर की समस्याओं को 'ऑन द स्पॉट' सुलझाने के उद्देश्य से नगर परिषद ने पहला सहयोग शिविर लगाया, लेकिन जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति और जनता की कम रुचि ने इसे फीका कर दिया. मात्र 11 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से नाली, सफाई और आवास योजना से जुड़ी समस्याएं थीं.

Jehanabad Sahyog Shivir : जहानाबाद शहर की बुनियादी समस्याओं को 'ऑन द स्पॉट' सुलझाने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा राजेंद्र पुस्तकालय में पहले सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. यह विशेष शिविर मुख्य रूप से वार्ड संख्या 22, 23, 24 और 25 के नागरिकों की समस्याओं के निपटारे के लिए निर्धारित था. हालांकि शिविर को लेकर आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में अपेक्षित उत्साह नहीं दिखा. शिविर में मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और संबंधित चारों वार्डों के पार्षद उपस्थित नहीं रहे.

शुरुआत में पहुंचे कार्यपालक पदाधिकारी

शिविर के आरंभ में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार उपस्थित रहे और आमजनों की समस्याएं सुनने के लिए बैठे रहे. काफी समय तक कोई भी नागरिक लिखित शिकायत लेकर नहीं पहुंचा. कुछ लोग शिविर की जानकारी लेकर लौट गए. सुबह नौ बजे से लेकर शाम तक चले इस शिविर में कुल 11 लोगों ने ही अपने आवेदन जमा किए. इनमें से कई आवेदक ऐसे भी थे जो चिन्हित चार वार्डों के बजाय अन्य मोहल्लों से पहुंचे थे.

नाली, सफाई और आवास योजना से जुड़े मिले मामले

शिविर में उपस्थित नगर परिषद के प्रबंधक व कर्मियों ने आए हुए नागरिकों की शिकायतों को सुना. कुछ शिकायतों के मामले में कर्मियों ने संबंधित मोहल्ले में जाकर भौतिक स्थिति का भी जायजा लिया. प्राप्त कुल 11 आवेदनों में अधिकांश नाली निर्माण, गली की मरम्मत, नियमित सफाई, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की लंबित किस्त से संबंधित थे. इसके अतिरिक्त बिजली बिल में गड़बड़ी से जुड़ा एक मामला भी दर्ज कराया गया.

समस्याओं के प्रति संवेदनशील दिखे शिविर में मौजूद अधिकारी

शिविर में शामिल नगर परिषद के प्रबंधक और अन्य पदाधिकारी लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दिखे. वार्ड संख्या 21 के मोहम्मद अफरोज अहमद शिविर में अपने मोहल्ले की नली की समस्या लेकर आए थे. समस्या के सिलसिले में आवेदन देने के बाद शिविर में मौजूद पदाधिकारी जनता द्वारा की गई शिकायत के सिलसिले में उनके वार्ड में जाकर वस्तु स्थिति से अवगत हुए. बावजूद इसके शिविर में बहुत कम लोग आ रहे थे और जो कुछ लोग आ भी रहे थे, उनमें से ज्यादातर लोग आवेदन देने के लिए तैयार नहीं थे.

मोहल्ले में जाकर समस्या से रूबरू होते कर्मी | Prabhat Khabar Network

दो घंटे में दो लोग पहुंचे शिकायत करने

प्रभात खबर का यह संवाददाता शिविर में करीब 2 घंटे तक बैठा. इन 2 घंटे में मात्र दो लोगों ने अपनी समस्याएं रखी. उनमें से एक ने आवेदन दिया जबकि दूसरे व्यक्ति ने कोई आवेदन नहीं दिया. वह भी शिविर में अपनी समस्याएं रखने वाले दोनों लोग वार्ड संख्या 21 के थे, जबकि यह शिविर वार्ड संख्या 22, 23, 24 और 25 के लिए लगाई गई थी. एक तो वही वार्ड संख्या 21 के मोहम्मद अफरोज अहमद जो अपने मोहल्ले की नली की समस्या लेकर आए थे और दूसरे मोहम्मद मुकीम जो पहले वार्ड संख्या 21 में रहते थे और अब वार्ड संख्या 32 यानी जाफरगंज में चले गए हैं.

उन्हें शिकायत थी कि शहरी आवास योजना के तहत 2 साल पहले उन्हें 50000 रूपए पहली किस्त के रूप में मिले थे, किंतु उसके बाद उन्हें दूसरी किश्त नहीं मिली.

प्रशासन ने क्या कहा

शिविर के आयोजन को लेकर संबंधित वार्डों में प्रचार वाहन द्वारा सूचना प्रसारित कराई गई थी. सभी संबंधित वार्ड पार्षदों को भी पत्र भेजकर जानकारी दी गई थी. शिविर में कुल 11 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके नियमानुकूल त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. गोपाल कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, जहानाबाद

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अनुराग

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >