jehanabad News : जहानाबाद जिला ईंट निर्माता संघ के तत्वावधान में निजामुद्दीनपुर स्थित एक निजी मैरिज हॉल में रविवार को अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया. समारोह में बिहार सरकार के खनन एवं भूतत्व तथा कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी का ईंट निर्माता संघ के सदस्यों ने नागरिक अभिनंदन किया. इस दौरान जिले के ईंट-भट्ठा संचालकों ने उद्योग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा और उनके त्वरित समाधान की मांग की.
अंगवस्त्र और पुष्पमाला से किया स्वागत
समारोह में घोसी विधायक ऋतुराज कुमार तथा बिहार ईंट निर्माता संघ के अध्यक्ष मुरारी कुमार ‘मुन्नू’ मुख्य रूप से मौजूद रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता जहानाबाद ईंट निर्माता संघ के जिलाध्यक्ष पम्पी शर्मा ने की. संघ के सदस्यों ने मंत्री समेत अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला भेंट कर स्वागत किया.
ईंट उद्योग की समस्याओं से कराया अवगत
स्वागत समारोह के बाद ईंट-भट्ठा संचालकों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा. जिलाध्यक्ष पम्पी शर्मा ने कहा कि ईंट उद्योग से जुड़े व्यवसायियों को लंबे समय से कई व्यावहारिक एवं प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि विभागीय मंत्री के स्तर से समस्याएं सुने जाने से व्यवसायियों में उनके समाधान की उम्मीद जगी है.
उच्च अधिकारियों और संघ के बीच होगी बैठक
समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने संघ के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि ईंट निर्माता संघ की समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर पहल की जाएगी. उन्होंने कहा कि ईंट निर्माता संघ खनन विभाग का महत्वपूर्ण अंग है. पूरे बिहार में ईंट-भट्ठा संचालकों की समस्याओं को समझने के लिए संवाद किया जा रहा है. मंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्द ही खनन विभाग के उच्च अधिकारियों और ईंट निर्माता संघ के प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित कराई जाएगी. बैठक में समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा कर उनके स्थायी समाधान का प्रयास किया जाएगा.
पौधों का वितरण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया. उपस्थित ईंट-भट्ठा व्यवसायियों एवं संघ के सदस्यों के बीच पौधों का वितरण किया गया. मंत्री ने सभी से अपने घरों और व्यावसायिक परिसरों में पौधारोपण करने की अपील की. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया.
कई ईंट-भट्ठा संचालक रहे मौजूद
समारोह में मनीष कुमार, शैलेंद्र शर्मा, अरुण कुमार ‘चुन्नू’, सुरेश यादव, पप्पू यादव समेत जिले के कई ईंट-भट्ठा व्यवसायी, संघ के सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे.
