जहानाबाद में पंचायत विकास दिवस पर टीबी मरीजों को बड़ी राहत, 897 न्यूट्रीशन किट का हुआ वितरण

जहानाबाद जिले में पंचायत विकास दिवस पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 897 लाभार्थियों को न्यूट्रिशन किट वितरित की गईं. टीबी मरीजों और कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के लिए यह पहल की गई है.

जहानाबाद नगर. विकसित भारत–समृद्ध बिहार अभियान के तहत रविवार को जहानाबाद जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया. सदर प्रखंड की सुरंगापुर भवानीचक पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया शामिल हुए. उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर टीबी मुक्त भारत अभियान, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी.

पंचायत विकास दिवस पर टीबी मरीजों को मिला पोषण का सहारा

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पदाधिकारी ने 27 टीबी मरीजों के बीच न्यूट्रीशन किट का वितरण किया. उन्होंने कहा कि "टीबी हारेगा, जहानाबाद जीतेगा" के संकल्प के साथ जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल दवाओं से नहीं, बल्कि पौष्टिक आहार, समय पर जांच, नियमित इलाज और समाज की भागीदारी से जीती जा सकती है.

न्यूट्रीशन किट में शामिल हैं प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री

जिला पदाधिकारी ने बताया कि मरीजों को दी गई न्यूट्रीशन किट में चना, दाल, सोया चंक्स, मूंगफली, मिल्क पाउडर और आटा सहित कई पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल हैं. इससे टीबी मरीजों और कुपोषित बच्चों को बेहतर पोषण मिलेगा तथा उनके स्वास्थ्य में सुधार आएगा.

जिले में 897 लाभार्थियों को बांटी गई पोषण किट

डीएम ने बताया कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले के 628 टीबी मरीजों और 269 मध्यम व गंभीर कुपोषित बच्चों के बीच न्यूट्रीशन किट उपलब्ध कराई गई. इस तरह कुल 897 न्यूट्रीशन किट का वितरण किया गया, जिससे जरूरतमंद लोगों को पोषण सहायता मिल सके.

छह माह में बांटी जाएंगी 2 हजार न्यूट्रीशन किट

जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन और अल्केम लेबोरेट्रीज के सहयोग से अगले छह माह तक टीबी मरीजों और बच्चों के लिए 2,000 न्यूट्रीशन किट उपलब्ध कराई जाएंगी. इस पहल का उद्देश्य उपचार के साथ मरीजों के पोषण स्तर को बेहतर बनाना है.

82 हजार से अधिक लोगों की हो चुकी है टीबी स्क्रीनिंग

उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जहानाबाद जिले में अब तक 82,178 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है. स्क्रीनिंग के माध्यम से संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर इलाज से जोड़ा जा रहा है. साथ ही टीबी मरीजों को उपचार अवधि में पोषण सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है.

समय पर जांच और इलाज कराने की अपील

जिला पदाधिकारी ने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क जांच कराएं. उन्होंने कहा कि समय पर जांच और नियमित उपचार से टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है. उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की भी अपील की.

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीओ नमामि गंगे सहित स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok Jehanabad

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >