Jehanabad News: पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सह जहानाबाद के निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति बिवेक चौधरी के तीन दिवसीय दौरे के समापन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के शुभारंभ पर स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष प्रभात कुमार त्रिवेदी ने न्यायमूर्ति को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. समापन अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा न्यायमूर्ति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा जहानाबाद की ऐतिहासिक धरोहर बाणावर पहाड़ियों से संबंधित स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई.
राष्ट्रीय लोक अदालत प्रचार रथ को दिखाई हरी झंडी
आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से तैयार किए गए विशेष प्रचार रथ को न्यायमूर्ति बिवेक चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह प्रचार रथ जिले के सुदूर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर आम जनता को लोक अदालत के माध्यम से सुलह-समझौते के आधार पर मुकदमों के त्वरित निष्पादन और इसके लाभों के प्रति जागरूक करेगा. इसके उपरांत न्यायमूर्ति ने नवनिर्मित अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम) का उद्घाटन किया और न्यायिक अभिलेखों के सुरक्षित संरक्षण पर जोर दिया.
दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, हियरिंग एड और स्मार्टफोन वितरित
दिव्यांगजनों के कल्याण और उन्हें स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग के सहयोग से विशेष सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति बिवेक चौधरी ने दिव्यांग लाभार्थियों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किए. आवागमन को सुगम बनाने के लिए 10 लाभार्थियों को आधुनिक मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, श्रवण बाधितों को गुणवत्तापूर्ण हियरिंग एड तथा दृष्टिबाधितों को डिजिटल तकनीक से जोड़ने और दैनिक कार्यों में सहूलियत के लिए विशेष स्मार्टफोन वितरित किए गए.
न्यायिक व प्रशासनिक पदाधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष DLSA विकास कुमार, जहानाबाद डीएम छिरिङ वाई भूटिया, अरवल डीएम, जहानाबाद एसपी कोटा किरण कुमार, DLSA सचिव ब्रजेश कुमार सहित कई न्यायिक व प्रशासनिक पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. कार्यक्रम के माध्यम से न्यायपालिका और प्रशासन ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित व जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई.
