Jehanabad News: जहानाबाद में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने परिवहन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने राजस्व संग्रह और प्रवर्तन कार्रवाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही. समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने परिवहन विभाग के विभागीय राजस्व संग्रह, प्रवर्तन कार्रवाई, ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन निबंधन से संबंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की.
परिवहन विभाग के कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा
जिला परिवहन विभाग के क्रियाकलापों के अवलोकन के दौरान जिला पदाधिकारी ने विभाग को निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी रणनीति के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रह की नियमित निगरानी की जाए तथा लक्ष्य प्राप्ति में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए.
दैनिक राजस्व संग्रह का प्रतिवेदन देने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन कार्यालय शुल्क एवं शमन से प्राप्त राजस्व संग्रह का अद्यतन प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए. इससे दैनिक प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी. बैठक में जिला पदाधिकारी ने मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार शास्ति अधिरोपित करने और प्रवर्तन कार्रवाई को और प्रभावी बनाने को कहा.
ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन निबंधन के लंबित मामलों का करें निष्पादन
जिला पदाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन निबंधन से संबंधित लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों को समयबद्ध एवं सुगम परिवहन सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी. बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि परिवहन विभाग की सेवाओं में पारदर्शिता, दक्षता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करना जरूरी है. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जनहित के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री वीरेन्द्र कुमार एवं परिवहन विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
Also Read: जहानाबाद के एसएन सिन्हा कॉलेज की डॉ. सुरभि का पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में चयन, सम्मान समारोह आयोजित
