Jehanabad News : जहानाबाद में गुरुवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए उपद्रव, पथराव और पुलिस फायरिंग की घटना के बाद शुक्रवार को मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव जहानाबाद पहुंचे. उन्होंने उपद्रव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर घटनाक्रम की जानकारी ली और जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की.
डीएम आवास और उपद्रव प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण आईजी ने जिलाधिकारी आवास, रेलवे ट्रैक तथा आसपास के उन इलाकों का दौरा किया, जहां गुरुवार को पथराव और हिंसा की घटनाएं हुई थीं. निरीक्षण के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के साथ बैठक कर जिले की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की.
हिंसक प्रदर्शन पर होगी सख्त कार्रवाई पत्रकारों से बातचीत में आईजी विकास वैभव ने कहा कि पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार और अलर्ट है. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी.
15 लोगों की गिरफ्तारी, छात्र संगठनों से भी संवाद आईजी ने बताया कि पथराव की घटना में टाउन थाना इंस्पेक्टर सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि एसडीपीओ को भी हल्की चोट लगी है. मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि छात्र संगठनों से भी लगातार बातचीत की जा रही है और उन्हें कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की सलाह दी जा रही है.
पुलिस को दिए आवश्यक निर्देश आईजी ने कहा कि घटना के बाद वह स्वयं विधि-व्यवस्था की समीक्षा करने जहानाबाद आए हैं. समीक्षा के बाद पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
