जहानाबाद सिकरिया थाना क्षेत्र के एक उत्क्रमित मध्य विद्यालय में नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. छात्रा के पिता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार भारती के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्रधानाध्यापक पर कार्यालय में बुलाकर आपत्तिजनक हरकत का आरोप
पुलिस को दिये आवेदन के अनुसार, 13 वर्षीय छात्रा विद्यालय में पढ़ाई करती है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रधानाध्यापक किसी बहाने छात्रा को विद्यालय के कार्यालय में बुलाते थे और उसके साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकत करते थे. मामले को लेकर छात्रा के परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है.
परीक्षा में कम अंक देने की धमकी का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि छात्रा को घटना के बारे में किसी को बताने पर परीक्षा में कम अंक देने और विद्यालय से नाम काट देने की धमकी दी जाती थी. आरोप है कि इस वजह से छात्रा काफी समय तक डरी हुई थी और उसने घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी.
जहानाबाद में खेत के पास गिरे 440 वोल्ट के तार की चपेट में आई महिला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
घर पहुंचकर मां को बतायी पूरी बात
बताया गया कि छात्रा काफी समय से घटना को लेकर भयभीत थी. बाद में उसने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी बात बतायी. इसके बाद परिजनों को मामले की जानकारी हुई. छात्रा के पिता ने सिकरिया थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
POCSO एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रा के बयान समेत अन्य तथ्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है.
जांच के बाद स्पष्ट होगी आरोपों की सच्चाई
पुलिस का कहना है कि मामले में लगाये गये आरोपों की जांच की जा रही है. छात्रा के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
