Jehanabad Road Accident : (अशोक कुमार) जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोइरी बिगहा मोड़ के समीप गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया.
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक
जानकारी के अनुसार विशुनगंज थाना क्षेत्र के अल्लाहगंज निवासी सुदय मांझी और शंकर मांझी समेत चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सोनवां की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कोइरी बिगहा मोड़ के समीप चालक ने बाइक से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद मोटरसाइकिल सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई.
Jehanabad News : मौके पर दो युवकों की मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुदय मांझी और शंकर मांझी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं बाइक पर सवार मुकेश कुमार और मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए मखदुमपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
परिवार में मचा कोहराम
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. गांव में मातमी माहौल कायम हो गया और लोगों की भीड़ जुट गई.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद मखदुमपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
Also Read: सीवान के PNB में महिला से ठगी, झांसा देकर 10 हजार रुपये लेकर फरार हुए उचक्के
