Jehanabad News: (रमेश कुमार की रिपोर्ट) जहानाबाद जिले के मखदुमपुर बाजार क्षेत्र में बुधवार को प्रशासन ने अवैध कब्जे के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. मखदुमपुर के अंचलाधिकारी रंजीत उपाध्याय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में खलकोचक-प्लेया पइन की जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए पक्के मकानों को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया गया.
अंचलाधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पइन की सरकारी भूमि को मुक्त कराने के लिए संबंधित अतिक्रमणकारियों को पूर्व में कई बार कानूनी नोटिस तामिला कराया गया था. प्रशासन द्वारा स्वतः अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय दिए जाने के बावजूद जब निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तब अंततः यह दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है.
पीड़ितों ने लगाया गंभीर आरोप: ‘पैसे नहीं दिए, इसलिए सिर्फ हमारे घर तोड़े’
एक तरफ जहाँ प्रशासन इस कार्रवाई को अपनी बड़ी सफलता मान रहा है, वहीं दूसरी तरफ इस अभियान की जद में आए प्रभावित परिवारों ने अंचल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए पक्षपात करने के आरोप लगाए हैं.
पीड़ितों ने क्या है?
‘खलकोचक-प्लेया पइन पर पिछले कई वर्षों से सैकड़ों लोगों ने पक्के मकान और दुकानें बनाकर भारी अतिक्रमण किया हुआ है. लेकिन प्रशासन ने पूरे पइन को मुक्त कराने के बजाय केवल चार चुनिंदा लोगों के मकानों को ही निशाना बनाया और उन्हें ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई से पहले कुछ लोगों द्वारा हमसे मोटी रकम (अवैध वसूली) की मांग की गई थी, और जब हम वह मांग पूरी नहीं कर सके, तो हमारे आशियाने पर बुलडोजर चला दिया गया.’
वर्षों पुरानी है अतिक्रमण की समस्या, जल निकासी पूरी तरह बाधित
गौरतलब है कि मखदुमपुर बाजार के बीच से होकर गुजरने वाली खलकोचक-प्लेया पइन पिछले कई सालों से भू-माफियाओं और स्थानीय लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण की समस्या से कराह रही है. पइन की सरकारी जमीन पर धड़ल्ले से बड़ी संख्या में ऊंचे मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खड़े कर दिए गए हैं. इसका नतीजा यह है कि मखदुमपुर बाजार की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो चुकी है और हल्की बारिश में भी मुख्य बाजार टापू में तब्दील हो जाता है.
इधर, अंचलाधिकारी रंजीत उपाध्याय ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का यह अभियान रुकने वाला नहीं है. आने वाले दिनों में पूरे मखदुमपुर बाजार क्षेत्र और पइन की जमीन को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सिलसिलेवार ढंग से सघन अभियान चलाया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: पटना में कोचिंग बवाल के बाद सरकार एक्शन में, नकेल कसने की तैयारी, मिथिलेश तिवारी ने किया ऐलान
