जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर की रहने वाली प्रियंका कुमारी ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने, जान से मारने की कोशिश और गंभीर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है. पीड़िता के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
शादी में जमीन बेचकर दिया था दहेज
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 12 मार्च 2019 को भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के मथुरापुर निवासी ओम शिवम किशोर से हुई थी. प्रियंका का आरोप है कि शादी के दौरान उसके मायके वालों ने जमीन बेचकर करीब 8.5 लाख रुपये नकद, डेढ़ भर सोना, कपड़े और घरेलू सामान दहेज में दिया था.
दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप
प्रियंका ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी. परिजनों की ओर से रकम देने के बाद भी कथित प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका. पीड़िता के मुताबिक, उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता रहा.
पति और ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप
पीड़िता ने अपने पति ओम शिवम किशोर, ससुर योगेंद्र सिंह, सास, ननदोई अनिकेत कुमार और चाचा ससुर रवींद्र सिंह पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है. आवेदन में ससुर पर गलत नीयत से दुर्व्यवहार करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है. पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी.
लाठी और हथियार से डराने-धमकाने का आरोप
प्रियंका ने आरोप लगाया कि चाचा ससुर ने लाठी और हथियार लेकर उसे डराया-धमकाया. इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने कथित तौर पर दूसरी शादी कर ली है. पीड़िता ने ससुराल वालों पर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया है.
स्थानीय स्तर पर नहीं सुलझा मामला
पीड़िता के अनुसार, मामले को स्थानीय स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद उसने नगर थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगायी. पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जांच के बाद सामने आएगी आरोपों की सच्चाई
नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आरोपों की वास्तविकता सामने आएगी. पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
