जनता दरबार में पहुंचीं 53 शिकायतें, डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश

जहानाबाद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन हुआ. इसमें 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें लेकर DM ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.

Jehanabad News : जहानाबाद मेंआमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ग्राम फ्लेक्स भवन में जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में आमजनों की ओर से कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं. जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक मामले की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

अतिक्रमण, जमीन और नाली-जल निकासी की शिकायतें

जनता दरबार में तालाब से अतिक्रमण हटाने एवं उड़ाही, भूमि परिमार्जन, जमाबंदी ऑनलाइन कराने, भूमि मापी एवं कब्जा, भूमि विवाद, नाली एवं जल निकासी तथा पथ निर्माण से संबंधित मामले सामने आये. विद्यालय के खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग भी रखी गयी.

राशन कार्ड से लेकर बिजली तक के मामले

जनता दरबार में जन वितरण प्रणाली, राशन कार्ड, पशुपालन ऋण, विद्युत पोल एवं तार, कब्रिस्तान की घेराबंदी, नल-जल योजना सहित कई अन्य समस्याओं को लेकर भी लोगों ने शिकायतें दर्ज करायीं. इसके अलावा ट्राई साइकिल, स्वास्थ्य, कृषि एवं उद्योग से संबंधित मामले भी आये.

मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश

जिला पदाधिकारी ने मंडई वियर परियोजना के रैयतों के मुआवजा भुगतान, राशन कार्ड, जन वितरण प्रणाली, पशुपालन ऋण, विद्युत, पथ निर्माण, कब्रिस्तान घेराबंदी, नाली-गली और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

भूमि विवाद में स्थल सत्यापन के निर्देश

भूमि विवाद, परिमार्जन, भूमि मापी एवं कब्जे से संबंधित मामलों में डीएम ने संबंधित राजस्व पदाधिकारियों को आवश्यक जांच और स्थल सत्यापन कराने के बाद मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने सभी अधिकारियों को जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का संवेदनशील, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समाधान करने का निर्देश दिया.

अनावश्यक विलंब नहीं करने की हिदायत

डीएम ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी शिकायत के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. उन्होंने 'सबका सम्मान-जीवन आसान' की भावना के अनुरूप आमजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया.

कई जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद

जनता दरबार में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >