Jahanabad News: (संजय अनुराग) पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग 22 पर नौरू गांव के समीप रविवार की रात बड़ा सड़क हादसा हो गया. दो बाइकों के बीच हुई सीधी टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
काम से लौट रहे युवक की बाइक से टकराई दूसरी बाइक
घटना में घायल संतोष कुमार दरबारी बीघा गांव के रहने वाले बताए जाते हैं. जानकारी के अनुसार वह जहानाबाद में काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नौरू गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक अचानक उनकी बाइक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े.
राजेश और अंतू कुमार का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
दूसरी बाइक पर नौरू गांव के राजेश कुमार और नवादा गांव के अंतू कुमार सवार थे. बताया जा रहा है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण आमने-सामने भिड़ गईं. हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता, अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत घायलों को सड़क से उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज किया जा रहा है. हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
जिले में बढ़ रहे सड़क हादसे, तेज रफ्तार बन रही मौत का कारण
जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. कई मामलों में लोगों की जान चली जाती है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहते हैं. प्रशासन लगातार लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील कर रहा है.
ALSO READ: जहानाबाद में लू बनी काल, हीट वेव की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत
