Jahanabad News: (संजय अनुराग) जहानाबाद जिले के पारसबीघा थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. आरोप है कि होली के समय प्रेम विवाह करने वाली युवती की तीन महीने के भीतर फांसी लगाकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पति अस्पताल पहुंचाने के बाद फरार बताया जा रहा है.
होली के समय मंदिर में कराई गई थी शादी
जानकारी के अनुसार बाजितपुर गांव निवासी श्रवण कुमार छोटी काको की रहने वाली रूप कुमारी से प्रेम करता था. होली के दौरान श्रवण रूपा के गांव पहुंचा था, जहां ग्रामीणों ने दोनों की मंदिर में शादी करा दी थी. बताया जा रहा है कि रूपा के पिता का एक साल पहले निधन हो चुका था और उसकी विधवा मां ही उसका सहारा थी.
बेटी के जीवनयापन के लिए मां ने दी थी जमीन
ग्रामीणों के अनुसार श्रवण अक्सर रूपा से मिलने उसके गांव आता-जाता था, जिसे लेकर गांव में चर्चा होती रहती थी। बाद में गांव वालों की सहमति से दोनों की शादी कराई गई. मृतका की मां ने दामाद को जीवनयापन के लिए दो कट्ठा जमीन भी दी थी.
अचानक मिली मौत की खबर, सदर अस्पताल पहुंची मां
मृतका की मां को अचानक सूचना मिली कि उसकी बेटी को फांसी दे दी गई है. सूचना मिलते ही वह सदर अस्पताल पहुंची, जहां रूपा का शव पड़ा हुआ था. वहीं पति श्रवण कुमार अस्पताल पहुंचाने के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है.
गले पर मिले निशान, सास ने बताया हादसा
मृतका की सास अस्पताल में मौजूद थी. उसने फांसी देकर हत्या किए जाने की बात से इनकार करते हुए कहा कि रूपा की मौत बाथरूम में गिरने से हुई है. हालांकि युवती के गले पर निशान स्पष्ट नजर आ रहे थे, जबकि शरीर पर अन्य चोट के निशान नहीं मिले हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
सदर अस्पताल के डॉक्टर अमर ने बताया कि जब युवती को अस्पताल लाया गया तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है. हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस सदर अस्पताल नहीं पहुंच सकी थी.
ALSO READ: CBSE पाठ्यक्रम में शामिल हुई मैथिली भाषा, 2026-27 से छात्रों को मिलेगी पढ़ाई की सुविधा
