घोसी. डमौआ बालू घाट पर शुक्रवार को अवैध बालू खनन के खिलाफ चलाये गये अभियान के दौरान जब्त किये गये ट्रैक्टरों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. जिला खनन पदाधिकारी आकांक्षा गुप्ता के लिखित आवेदन के आधार पर घोसी थाने में पांच ट्रैक्टर मालिकों के विरुद्ध अवैध बालू खनन का मामला दर्ज किया गया है.
पांच लोगों को बनाया गया आरोपी
दर्ज प्राथमिकी में डहरपुर गांव निवासी चन्दन कुमार उर्फ टकला, खिरौटीगढ़ गांव निवासी अरविन्द बिन्द एवं राजीव बिन्द, पौउता गांव निवासी सुधू सिंह तथा हवीपुर गांव निवासी सुबोध कुमार को आरोपी बनाया गया है. इन सभी पर डमौआ बालू घाट से अवैध रूप से बालू खनन करने और खनन नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है.
डमौआ बालू घाट पर पुलिस ने की छापेमारी
बताया जाता है कि शुक्रवार को प्रशिक्षु डीएसपी सह घोसी थानाध्यक्ष अंकित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने डमौआ बालू घाट पर अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया था. पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही बालू खनन में लगे ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गये थे.
चार ट्रैक्टर जब्त कर थाना लाया गया
अभियान के दौरान पुलिस ने चार ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना लाया था. इसके बाद जब्त वाहनों के संबंध में खनन विभाग को सूचना दी गयी. जिला खनन पदाधिकारी के लिखित आवेदन के बाद घोसी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
जब्त ट्रैक्टरों के कागजात की जांच शुरू
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस द्वारा जब्त ट्रैक्टरों के कागजात, वाहन मालिकों की भूमिका तथा बालू खनन से संबंधित अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है.
अवैध बालू खनन पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
ALSO READ : जहानाबाद DM छिरिङ वाई भूटिया ने दिया निर्देश, एनीमिया मुक्त जिले के लिए जांच, उपचार और फॉलोअप पर जोर
