jehanabad News : जहानाबाद 40वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का समापन शनिवार को समाहरणालय परिसर में कैंडल प्रज्वलन के साथ हुआ. जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में आयोजित समापन समारोह में अधिकारियों और कर्मियों ने कैंडल जलाकर जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं.
रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र
समापन समारोह के दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं ने जहानाबाद जिले के विभिन्न प्रखंडों की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को दर्शाती आकर्षक रंगोली बनाई. रंगोली के माध्यम से 'सम्मान महिलाओं का, पर्यावरण का एवं सबका' थीम का संदेश भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसकी लोगों ने सराहना की.
विकास यात्रा में जनसहभागिता अहम : डीएम
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने कहा कि जहानाबाद की 40 वर्षों की विकास यात्रा जिलेवासियों के सामूहिक सहयोग, सहभागिता और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छ, सुरक्षित, समृद्ध और विकसित जहानाबाद के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ समापन
कार्यक्रम के अंत में जिले की निरंतर प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ 40वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों का विधिवत समापन किया गया.
