काको (जहानाबाद). थाना क्षेत्र अंतर्गत मनियामा गांव में रविवार को गली में लगी स्ट्रीट लाइट को जबरन हटाने और दूसरी जगह शिफ्ट करने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. स्ट्रीट लाइट खोलने का विरोध करने पर दबंग युवकों ने खुलेआम गोलीबारी कर दी. अचानक हुई फायरिंग की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए. घटना की सूचना मिलते ही काको थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी.
दरवाजे पर लगी लाइट खोलने का किया था विरोध
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व मनियामा गांव में एक ग्रामीण के दरवाजे के समीप गली में सार्वजनिक उपयोग के लिए स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी. रविवार को गांव के ही कुछ युवक बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के उक्त स्ट्रीट लाइट को खोलकर दूसरी जगह लगाने का प्रयास करने लगे. जब गृहस्वामी और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई.
विवाद बढ़ते ही की फायरिंग, बाल-बाल बचे लोग
विवाद बढ़ने पर लाइट खोलने पहुंचे युवकों के साथ मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने दहशत फैलाने की नीयत से अचानक हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी. गोली की आवाज गूंजते ही आसपास के ग्रामीण सहम गए और मौके पर भगदड़ मच गई. गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस, होगी सख्त कार्रवाई
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और प्रत्यक्षदर्शियों व ग्रामीणों से पूछताछ कर स्थिति को नियंत्रित किया. मामले में काको थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष से पूछताछ कर लिखित तहरीर ली जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने और अवैध हथियार से फायरिंग करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है. आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जाएगी.
