Jehanabad News: घोसी प्रखंड के वंशीबिगहा गांव में यज्ञ कराने आए एक कथित बाबा पर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में घोसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग लड़की को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है.
यज्ञ के समापन के दिन लड़की को लेकर हुआ फरार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गया जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के बैजना गांव निवासी कृष्णा महाराज उर्फ सिंटू यादव के रूप में हुई है. वह वंशीबिगहा गांव में आयोजित यज्ञ में कथित बाबा के रूप में शामिल होने आया था. आरोप है कि यज्ञ के समापन के दिन वह गांव की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया.
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
काफी खोजबीन के बाद भी लड़की का पता नहीं चलने पर उसकी मां ने घोसी थाना में कांड संख्या 388/26 के तहत अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई. मामले की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नाबालिग को वाराणसी ले गया था, जहां एक मंदिर में उससे शादी करने का दावा किया गया.
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए घोसी पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा महाराज उर्फ सिंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है.
मेडिकल जांच और न्यायालय में बयान की होगी प्रक्रिया
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध दर्ज मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. वहीं बरामद नाबालिग का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा तथा न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा.
पुलिस ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद वंशीबिगहा गांव में चर्चा का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है.
