Jehanabad Road Accident : जहानाबाद जिले के टेहटा थाना क्षेत्र के सुगांव के निकट सोमवार को सड़क हादसे में 80 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई. सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल वृद्धा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
मृतका की पहचान सुगांव निवासी 80 वर्षीय रधिया देवी के रूप में हुई है. बताया गया कि वह अपने घर के पास सड़क पार कर रही थीं. इसी दौरान तेज गति से आ रही एक ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्धा को पहले मखदुमपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे के बाद चालक फरार
दुर्घटना के बाद ऑटो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है.
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
वृद्धा की मौत की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया. मामले की जांच जारी है.
