जहानाबाद में मॉर्निंग वॉक पर निकली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को ऑटो ने रौंदा, मौत

जहानाबाद जिले के सुगांव गांव में सड़क हादसे में 80 वर्षीय राधिया देवी की मौत हो गई. मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को तेज रफ्तार ऑटो ने कुचल दिया. पुलिस फरार ऑटो चालक की तलाश कर रही है.

जहानाबाद जिले के टेहटा थाना क्षेत्र के सुगांव गांव के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ऑटो ने टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतका की पहचान, परिजनों ने बताई पूरी घटना

मृतका की पहचान सुगांव निवासी राधिया देवी (80 वर्ष) के रूप में हुई है. मृतका के पुत्र विनोद चौधरी ने बताया कि उनकी मां की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी. इसके बावजूद वह रोज की तरह सोमवार सुबह टहलने निकली थीं. इसी दौरान सुगांव स्थित बादशाह होटल के पास एक अज्ञात ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान

टक्कर इतनी तेज थी कि राधिया देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें पहले मखदुमपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, जहानाबाद रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

फरार ऑटो चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही टेहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार ऑटो चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है. वहीं, बुजुर्ग महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >