जहानाबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, ब्लैक स्पॉट सुधारने और हेलमेट जांच के दिये निर्देश

जहानाबाद में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हेलमेट, सीट बेल्ट और गति नियंत्रण पर विशेष जोर. ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश दिए गए. यातायात नियमों का सख्ती से पालन होगा.

Jehanabad News : जहानाबाद सांसद-सह-अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन के साथ सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक में विधान पार्षद अनिल कुमार, विधायक राहुल कुमार, सुबेदार दास, ऋतुराज कुमार और जिला परिषद अध्यक्ष अभिषेक रंजन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे.

पूर्व बैठक के निर्देशों की हुई समीक्षा

अध्यक्ष ने पूर्व बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन पर संतोष व्यक्त किया. उन्होंने सुरक्षित परिवहन और आम लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रभावी उपाय करने का निर्देश दिया. राष्ट्रीय उच्च पथ पर स्थापित कैमरों की कार्यशीलता की जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये.

सड़क हादसे के पीड़ितों को समय पर मिले राहत

बैठक में सदस्यों ने पीएम राहत योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया. सड़क दुर्घटना की स्थिति में पात्र पीड़ितों और उनके आश्रितों को नियमानुसार देय अनुदान एवं राहत राशि समय पर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बतायी गयी.

शहर में जाम से निबटने के लिए टेम्पो स्टैंड पर चर्चा

शहर में जाम की समस्या के समाधान के लिए टेम्पो स्टैंड की व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा की गयी. अध्यक्ष ने जिला परिषद और नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ इस दिशा में पहल करने का सुझाव दिया. बस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और अन्य सदस्यों ने भी सुरक्षित परिवहन एवं सुगम यातायात को लेकर अपने सुझाव रखे.

हेलमेट और सीट बेल्ट की नियमित जांच

वाहन परिचालन के दौरान यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल की नियमित जांच करने पर विशेष जोर दिया गया. वरिष्ठ नागरिकों समेत सभी दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया. साथ ही वाहन चालकों की दृष्टि जांच कराने और आवश्यकता के अनुसार चश्मा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.

स्कूल-कॉलेजों के पास गति नियंत्रण पर जोर

विद्यालयों और महाविद्यालयों के आसपास वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने पर बल दिया गया. दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए साइनबोर्ड, रम्बल स्ट्रिप और नियमानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने की बात कही गयी. इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर वहां सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

संबंधित विभागों को कार्रवाई का निर्देश

सदस्यों की ओर से रखे गये सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर परिषद, यातायात पुलिस, पथ निर्माण विभाग, राष्ट्रीय उच्च पथ और परिवहन विभाग के संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया. बैठक में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय कुमार

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >