Jehanabad News : जहानाबाद खेल भवन-सह-व्यायामशाला में डीएम छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर एवं एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के भारोत्तोलन खिलाड़ियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों से उनकी समस्याएं और जरूरतें सीधे जानना तथा प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना था, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.
जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग
संवाद के दौरान राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उज्जवल सिंह, पीयूष कुमार, आदित्य कुमार, हर्ष राज और मोनिका शर्मा तथा खेलो इंडिया प्रशिक्षक गिरिजेश कुमार ने प्रतियोगिता स्तर के बार्बेल एवं वेट प्लेट्स, छोटे वजन की प्लेट्स, प्रशिक्षण प्लेटफॉर्म, रबर मैट, हाइपर एक्सटेंशन मशीन, आरओ वाटर मशीन, एसी, बेहतर प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग रखी.
चोट से बचाव और पोषण पर भी दिया जोर
खिलाड़ियों ने चोट लगने की स्थिति में आइस पैक की जरूरत बतायी. इस पर डीएम ने आइस पैक के सुरक्षित भंडारण के लिए रेफ्रिजरेटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. खिलाड़ियों के पोषण को बेहतर बनाने के लिए जीविका दीदियों के माध्यम से स्प्राउट्स, केला और अंडा उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की बात भी कही गयी.
बैठक में एल्कम फार्मा के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. डीएम ने कंपनी के प्रतिनिधियों से सीएसआर के माध्यम से खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल उपकरण और अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. कंपनी प्रतिनिधियों ने आवश्यक सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
प्राथमिकता के आधार पर दूर होंगी समस्याएं
डीएम ने जिला खेल पदाधिकारी को खिलाड़ियों द्वारा बतायी गयी समस्याओं और आवश्यकताओं की बिंदुवार सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
कार्यक्रम में खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर भारोत्तोलन के करीब 40 बालक-बालिका खिलाड़ी, एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के दो खिलाड़ी सहित अन्य भारोत्तोलन खिलाड़ी, जिला स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
