जहानाबाद में 31 अक्टूबर तक बनकर तैयार होगा 500 सीटों वाला आधुनिक ऑडिटोरियम, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

जहानाबाद में 31 अक्टूबर तक 500 सीटों वाला आधुनिक ऑडिटोरियम बनकर तैयार हो जाएगा। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं.

Jehanabad News: जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिला तकनीकी समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं अभियंताओं ने भाग लिया. इस दौरान जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.

31 अक्टूबर तक पूरा होगा आधुनिक ऑडिटोरियम

समीक्षा के दौरान भवन निर्माण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भौतिक प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया. जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल को सभी अपूर्ण योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया.

विशेष रूप से पुराने समाहरणालय परिसर में निर्माणाधीन 500 क्षमता वाले आधुनिक सभागार (ऑडिटोरियम) का निर्माण कार्य 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया.

पंचायत सरकार भवनों का निर्माण जल्द पूरा करने का निर्देश

बैठक में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी लंबित भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया.

जिन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां अविलंब भूमि उपलब्ध कराने के लिए अपर समाहर्ता (राजस्व) को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर जोर

बिहार राज्य स्वास्थ्य आधारभूत संरचना निगम द्वारा स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं होने वाले स्थलों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया.

साथ ही सदर अस्पताल के निर्माणाधीन भवन के प्रत्येक तल का कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरा कर उसका हस्तांतरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

सड़क, ड्रेनेज और अंडरपास की समस्याओं पर भी चर्चा

राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यपालक अभियंता को अरवल मोड़ से अरवल की ओर जाने वाले मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया.

रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया. वहीं बुडको को स्ट्रॉन्ग वाटर ड्रेनेज परियोजना का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया.

बराबर रोपवे परियोजना में तेजी लाने का निर्देश

डीएम ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को बराबर स्थित रोपवे परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.

इसके अलावा सिंचाई प्रमंडल को सभी अपूर्ण योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा विद्युत विभाग को आवश्यक स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर लगाने एवं खराब ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन का निर्देश दिया गया.

समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने पर जोर

जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए.

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >