तीन दिन बाद खत्म हुई नगर परिषद सफाई कर्मियों की हड़ताल, मांगें पूरी करने का मिला आश्वासन

जहानाबाद नगर परिषद और सफाई कर्मियों के बीच वार्ता सफल रही। सभी जायज मांगों को पूरा करने के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है।

jehanabad News : जहानाबाद नगर परिषद जहानाबाद के सफाई कर्मियों की पिछले तीन दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल वार्ता के बाद समाप्त हो गई. सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों और नगर परिषद के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी, मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद के बीच हुई वार्ता में उनकी मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की.

वेतन बढ़ोतरी और कटौती का विवाद दूर करने का निर्देश

सफाई कर्मी वेतनमान लागू करने और इसके पहले केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम नॉन स्किल्ड मजदूर की मजदूरी देने की मांग कर रहे थे. वर्तमान में उन्हें राज्य सरकार द्वारा निर्धारित नॉन स्किल्ड मजदूर की मजदूरी दी जा रही है. मजदूरी में बढ़ोतरी नहीं किए जाने और विभिन्न मदों में कटौती को लेकर सफाई एजेंसी और कर्मियों के बीच विवाद चल रहा था.

नगर परिषद की ओर से सफाई एजेंसी को विवाद का जल्द समाधान करने और जायज वेतन बढ़ोतरी व कटौती संबंधी मांगों को पूरा करने का निर्देश दिया गया.

पीएफ और ईएसआईसी कटौती में बरती जाएगी पारदर्शिता

वार्ता में पीएफ और ईएसआईसी की कटौती में पारदर्शिता बरतने का आश्वासन दिया गया. राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित वार्षिक वेतन बढ़ोतरी को भी सफाई कर्मियों के वेतन में शामिल किया जाएगा. वेतनमान और केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित नॉन स्किल्ड मजदूर की मजदूरी की मांग के संबंध में नगर परिषद ने कहा कि सफाई कर्मियों की मांगों को बोर्ड से अनुशंसित कर राज्य सरकार को भेजा जाएगा. इस पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया जाएगा.

सुरक्षा किट और पहचान पत्र भी मिलेगा

सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट, सफाई किट, पहचान पत्र सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी. दोनों पक्षों के बीच वार्ता के बाद इन बिंदुओं पर सहमति बनी और सफाई कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की. वार्ता के दौरान सफाई कर्मियों का नेतृत्व भाकपा माले के राज्य कमेटी सदस्य रविंद्र यादव ने किया. नगर परिषद की ओर से प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने वार्ता के बिंदुओं पर हस्ताक्षर किए.

सोमवार को किया था नगर परिषद का घेराव

इससे पहले सोमवार को सफाई कर्मियों ने नगर परिषद कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन और घेराव किया था. इस दौरान कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी थी.

हड़ताल से शहर में लग गया था कूड़े का अंबार

गौरतलब है कि अपनी मांगों को लेकर नगर परिषद की सफाई एजेंसी के कर्मी पिछले शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे. सफाई कर्मियों के हड़ताल पर जाने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी. जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे, सड़कों पर गंदगी फैली थी और नालियां बजबजा रही थीं. इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. हड़ताल समाप्त होने के बाद अब शहरवासियों को सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है. हालांकि सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि अगस्त माह के अंत तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वे दोबारा हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे.

Also Read: पटना समेत कई शहरों में छाए काले बादल, 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 15 अगस्त तक के लिए IMD की एडवाइजरी जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >