जहानाबाद में देवर ने की भाभी की हत्या, खाना परोसने में मामूली बात पर गंडासे से काटा, पुलिस ने दबोचा

जहानाबाद के परसबिगहा में खाना परोसने के दौरान हुए मामूली विवाद में देवर ने भाभी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया.

Jehanabad News: जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र के चैनपुरा टोला इमादपुर गांव में बुधवार को रिश्तों को तार-तार कर देने वाली और रोंगटे खड़े करने वाली घटना घटी है. यहाँ एक सनकी देवर ने मामूली सी बात पर विवाद होने के बाद अपनी ही सगी भाभी को गंडासे से काटकर मौत के घाट उतार दिया. मृतका की पहचान गांव के ही धर्मेंद्र कुमार की 22 वर्षीय पत्नी अंशु कुमारी के रूप में की गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को परिवार के अन्य सभी सदस्य खेत में धान की रोपनी करने के लिए गए हुए थे. घर पर केवल अंशु कुमारी और उसका देवर कुणाल कुमार ही मौजूद थे. इसी दौरान कुणाल ने अपनी भाभी अंशु से खाना मांगा. अंशु थाली में खाना परोस कर अपने देवर को देने गई. खाना परोसने के दौरान अंशु के हाथ में थोड़ी मिट्टी लगी हुई थी, जिसे देखकर सनकी देवर कुणाल भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

गंडासे से सिर को धड़ से किया अलग

मामूली बात से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि देवर कुणाल ने अपना आपा खो दिया. उसने गुस्से में आकर अपनी भाभी अंशु को वहीं जमीन पर पटक दिया और उसके साथ मारपीट करने लगा. इसके बाद उसने पास में ही रखे तेजधारदार हथियार (गंडासे) से हमला कर अंशु का सिर धड़ से अलग कर दिया. अत्यधिक खून बह जाने के कारण अंशु कुमारी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी देवर मौके से फरार हो गया.

घटना की खबर जंगल में आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही परसबिगहा थानाध्यक्ष सर्वनारायण दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी कर आरोपी सनकी देवर कुणाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पटना से बुलाई गई फॉरेंसिक (FSL) टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और जांच के लिए कई वैज्ञानिक नमूने एकत्र किए.

साल भर पहले ही हुई थी शादी, मायके वालों के पहुंचने पर चीख-पुकार से गूंजा गांव

ग्रामीणों ने बताया कि मृतका अंशु कुमारी की शादी महज एक वर्ष पूर्व ही धर्मेंद्र कुमार के साथ हुई थी. घटना की सूचना तुरंत उसके मायके वालों को दी गई. सूचना मिलते ही मृतका के मायके अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र स्थित गोनपुरा गांव से परिजन भागते-भागते पहुंचे. बेटी के खून से लथपथ शव को देखते ही मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरा गांव चीख-पुकार से गूंज उठा.

थानाध्यक्ष सर्वनारायण ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है. हालांकि, समाचार प्रेषण तक मायके या ससुराल पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके कारण औपचारिक प्राथमिकी दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avinash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >