जहानाबाद: काको के बीबीपुर में JDU नेता के साथ मारपीट और अपहरण का प्रयास, फायरिंग की चर्चा से सनसनी; जांच में जुटी पुलिस

काको के बीबीपुर गांव में जदयू नेता फहदुल हक के साथ मारपीट और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Jehanabad News: जिले के काको थाना क्षेत्र अंतर्गत बीबीपुर गांव में शुक्रवार की देर रात दो अलग-अलग स्थानों पर कथित तौर पर मारपीट और गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पहली घटना बीबीपुर दरगाह के समीप की है, जहां निजी भूमि पर चहारदीवारी निर्माण और रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दो स्कॉर्पियो गाड़ियों पर सवार होकर पहुंचे असामाजिक तत्वों ने जमकर उपद्रव मचाया. इस दौरान जदयू नेता फहदुल हक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, रुपये छीने गए और जबरन गाड़ी में बैठाकर उनका अपहरण करने का प्रयास किया गया.

शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण, धमकी देकर भागे बदमाश

पीड़ित जदयू नेता फहदुल हक ने काको थाने में लिखित आवेदन देकर तीन नामजद सहित करीब आधा दर्जन अज्ञात लोगों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन के अनुसार, वे रात का भोजन करने के बाद टहलते हुए बीबीपुर दरगाह की ओर जा रहे थे. तभी दो स्कॉर्पियो पर पहुंचे आरोपियों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया और जबरन ले जाने की कोशिश की. जदयू नेता द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े, जिसके बाद आरोपी दहशत फैलाने के लिए कथित रूप से फायरिंग करते हुए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए.

बीबीपुर मुसहरी में भी शराब विवाद में फायरिंग की चर्चा

वहीं दूसरी ओर, बीबीपुर मुसहरी टोले में भी शुक्रवार की देर रात गोलीबारी होने की चर्चा जोरों पर रही. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शराब के अवैध कारोबार से जुड़े विवाद को लेकर पड़ोसी गांव से पहुंचे कुछ तत्वों द्वारा वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से फायरिंग की बात कही जा रही है. हालांकि, इस दूसरी घटना की आधिकारिक या स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

गोलीबारी से पुलिस का इनकार, जमीन विवाद की जांच जारी

मामले के संदर्भ में पूछे जाने पर काको थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने इलाके में गोलीबारी की घटना से साफ इनकार किया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि बीबीपुर दरगाह के समीप रास्ते और भूमि विवाद को लेकर मारपीट किए जाने के संबंध में जदयू नेता का आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है. मुसहरी में गोलीबारी के संबंध में पुलिस को कोई आधिकारिक शिकायत या साक्ष्य नहीं मिला है. पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन कर रही है.

Also Read: जहानाबाद: राष्ट्रीय खेल दिवस पर घोसी प्रखंड के विद्यालयों में विशेष खेल व फिटनेस कार्यक्रम आयोजित, अव्वल छात्र हुए पुरस्कृत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बैकुंठ कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >