बाबा सिद्धनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन के दूसरे रविवार को वाणावर पहाड़ स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया.

jehanabad News : सावन के दूसरे रविवार को ऐतिहासिक व प्राकृतिक छटाओं से परिपूर्ण वाणावर पहाड़ स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही मंदिर परिसर और पहाड़ की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. पूरे दिन वाणावर पहाड़ का वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालु बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष करते हुए पहाड़ की चढ़ाई करते नजर आए. जयघोष से पूरा पहाड़ी इलाका गूंजता रहा. बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भी जलाभिषेक किया.

जलस्रोतों में स्नान कर पहुंचे मंदिर

श्रद्धालु पहाड़ी क्षेत्र में स्थित जलस्रोतों में स्नान करने के बाद पहाड़ के रास्ते बाबा सिद्धनाथ मंदिर पहुंचे. मंदिर के मुख्य द्वार पर लगाए गए अर्घा सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और बाबा से सुख-समृद्धि की कामना की. भीड़ के कारण पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.

सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. पहाड़ के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल के जवान और अधिकारी तैनात रहे. मंदिर जाने वाले मार्ग, भीड़ वाले स्थानों और संवेदनशील प्वाइंटों पर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते नजर आए. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार व्यवस्था का जायजा लेते रहे.

दूसरे सोमवार को और बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

मंदिर के प्रबंधक भानु प्रताप उर्फ गुड्डू बाबा ने बताया कि सावन के दूसरे रविवार को बाबा सिद्धनाथ मंदिर में 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. उन्होंने कहा कि सावन के दूसरे सोमवार को इससे भी अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. उन्होंने श्रद्धालुओं से जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सुगम तरीके से जलाभिषेक करने की अपील की.

अफवाहों से बचने की अपील, जगह-जगह मेडिकल कैंप

मंदिर प्रबंधक ने श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. जगह-जगह मेडिकल कैंप लगाए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

देर शाम तक गूंजता रहा हर-हर महादेव का जयघोष

रविवार को देर शाम तक वाणावर पहाड़ पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया. श्रद्धालुओं में बाबा सिद्धनाथ के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rohit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >