कलर कोडिंग के बाद भी नहीं सुधरी जहानाबाद की ट्रैफिक व्यवस्था, मनमाने रूट पर दौड़ रहे ऑटो

जहानाबाद में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए कलर कोडिंग और रूट निर्धारण के बावजूद यातायात व्यवस्था सुधरने की बजाय और बिगड़ गई है. चालक मनमाने ढंग से अलग-अलग रूटों पर ऑटो चला रहे हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है. सैकड़ों ऑटो बिना कलर कोडिंग के ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं.

Jehanabad Traffic System : जहानाबाद शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा की कलर कोडिंग कर रूट निर्धारित किया गया था. जिला स्तरीय समिति ने तीन प्रमुख रूटों पर कलर कोडिंग वाले चयनित ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन का निर्णय लिया था. इसके तहत काको मोड़ से एरकी, काको मोड़ से घोषी मोड़ और काको मोड़ से राजा बाजार रूट निर्धारित किये गये थे. इन तीनों रूटों पर कुल 173 वाहनों का परिचालन सुनिश्चित किया जाना था.

निर्धारित रूट की नहीं हो रही पालना

चयनित वाहनों की रूट चार्ट के अनुसार कलर कोडिंग भी की गयी, लेकिन इसके बावजूद ऑटो निर्धारित रूट पर नहीं चल रहे हैं. कलर कोडिंग का ऑटो चालकों पर कोई खास असर नहीं दिख रहा है. चालक मनमाने तरीके से अलग-अलग रूटों पर ऑटो का परिचालन कर रहे हैं. इससे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होने के बजाय पहले की तरह ही अस्त-व्यस्त बनी हुई है.

दूसरी ओर यात्री भी निर्धारित रूट वाले ऑटो को छोड़कर दूसरे रूट के ऑटो से यात्रा कर रहे हैं. कलर कोडिंग वाले ऑटो भी अपने निर्धारित रूट को छोड़कर अन्य रूटों पर चलते नजर आ रहे हैं. इससे यात्रियों के बीच भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है कि किस रूट पर जाने के लिए किस रंग के ऑटो का इस्तेमाल किया जाए.

बगैर कलर कोडिंग दौड़ रहे सैकड़ों ऑटो

शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ऑटो की कलर कोडिंग कर रूट निर्धारित किया था. इसके बावजूद शहर की सड़कों पर सैकड़ों ऑटो बगैर कलर कोडिंग के ही परिचालित हो रहे हैं. ऐसे में निर्धारित रूट पर चलने वाले कलर कोडिंग वाले ऑटो चालकों को भी पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे हैं. परिणामस्वरूप वे भी निर्धारित रूट पर चलने के बजाय अन्य रूटों पर ऑटो चलाना पसंद कर रहे हैं.

अरवल, कुर्था और करपी तक जा रहे नगर सेवा के ऑटो

नगर सेवा के लिए निर्धारित ऑटो अब शहर के अलावा लंबी दूरी के रूट पर भी दौड़ रहे हैं. बड़ी संख्या में ऑटो का परिचालन अरवल, कुर्था और करपी मार्ग पर होता देखा जा रहा है. इसका सीधा असर यात्री बसों के परिचालन पर भी पड़ रहा है. यात्रियों की कमी के कारण कई बसों का समय पर परिचालन नहीं हो पा रहा है.

वहीं, ऑटो चालक दो-चार यात्रियों को लेकर भी अरवल, कुर्था और करपी तक की दूरी तय करते नजर आ रहे हैं.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

ऑटो परिचालन के लिए रूट निर्धारित कर कलर कोडिंग करायी गयी है. निर्धारित रूट पर ही ऑटो का परिचालन हो, यह सुनिश्चित कराया जाएगा. - वीरेंद्र कुमार, डीटीओ, जहानाबाद

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >