जहानाबाद में निजी स्कूल पर 15 हथियारबंद बदमाशों का धावा: 2 लाख रंगदारी न मिलने पर संचालिका से बदसलूकी, मंगलसूत्र व 20 हजार फीस लूटी

जहानाबाद के एक निजी स्कूल में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने रंगदारी के लिए उत्पात मचाया. संचालिका से मंगलसूत्र लूटने और फीस के पैसे छीनने के बाद स्कूल को बर्बाद करने की धमकी दी गई.

Jehanabad News: जहानाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर स्थित एक निजी विद्यालय में दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने हथियार के बल पर जमकर तांडव मचाया. रंगदारी की मांग पूरी न होने पर करीब 15 की संख्या में आए अपराधियों ने स्कूल कार्यालय में घुसकर महिला संचालिका के साथ अमर्यादित व्यवहार किया और दहशत फैलाने के लिए तोड़फोड़ की. घटना के वक्त स्कूल में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया.

2 लाख की रंगदारी मांगी, कनपटी पर पिस्टल सटाकर छीना मंगलसूत्र

मूल रूप से परसबिगहा थाना क्षेत्र के गोडिहा निवासी पीड़िता संतरा देवी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे अपराधी देसी कट्टा, चाकू और लोहे के पंजे से लैस होकर उनके कार्यालय में घुसे. बदमाशों ने उनसे सीधे तौर पर 2 लाख रुपये रंगदारी की मांग की. जब संचालिका ने पैसे देने में असमर्थता जताई, तो बदमाशों ने उग्र होकर उनके गले से जबरन सोने का मंगलसूत्र छीन लिया. विरोध करने पर एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी.

फीस के 20 हजार रुपये लूटे, देवर को पीटा और लैपटॉप तोड़ा

बदमाशों ने लूटपाट के दौरान काउंटर की दराज में रखे परीक्षा शुल्क और ट्यूशन फीस के 20 हजार रुपये निकाल लिए. इस बीच जब पीड़िता के देवर ने बीच-बचाव और विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी. अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए कार्यालय में रखा लैपटॉप जमीन पर पटककर चकनाचूर कर दिया और कई महत्वपूर्ण स्कूल फाइलें व स्टेशनरी सामग्री फाड़ डाली.

15 लाख न देने पर जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया केस

जाते-जाते अपराधियों ने पूरे स्कूल प्रबंधन को गंभीर परिणाम भुगतने की खुली धमकी दी. मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा, "अपराधियों ने धमकी दी है कि यदि 15 लाख रुपये की रंगदारी नहीं पहुंचाई गई, तो स्कूल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया जाएगा तथा बच्चों और शिक्षकों की हत्या कर दी जाएगी." नगर थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अपराधियों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

Also Read: जहानाबाद न्याय मंडल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, विवादों का हुआ सौहार्दपूर्ण निपटारा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >