Arwal News : अरवल में परियोजना कार्यालय के समीप शिव मंदिर परिसर में रविवार को सेविका-सहायिका संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सेविका मीरा देवी ने की. इसमें बड़ी संख्या में सेविका और सहायिकाओं ने भाग लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की.
जनवरी से मानदेय का भुगतान नहीं
बैठक के बाद संघ के अध्यक्ष ने बताया कि सेविकाओं ने केंद्र संचालन में आ रही समस्याओं को विस्तार से रखा. उन्होंने कहा कि सेविका एवं सहायिकाओं का मानदेय जनवरी 2026 से अब तक भुगतान नहीं किया गया है. लंबे समय से मानदेय लंबित रहने के कारण कार्यकर्ताओं को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
गैस और मोबाइल रिचार्ज की राशि भी बकाया
सेविकाओं ने बताया कि मई 2026 से अब तक गैस की राशि का भुगतान नहीं हुआ है. इसके अलावा मोबाइल रिचार्ज की राशि भी लंबित है. राशि का भुगतान नहीं होने के कारण आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन में परेशानी हो रही है.
तीन साल से नहीं मिला ड्रेस
बैठक में सेविकाओं ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से ड्रेस का वितरण नहीं किया गया है. वहीं प्रोत्साहन राशि, गोदभराई और अन्नप्राशन की राशि का भुगतान भी करीब एक वर्ष से लंबित है. सेविकाओं का कहना है कि इन मदों की राशि नहीं मिलने से केंद्र संचालन में उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
आंगनबाड़ी केंद्रों की अनदेखी का आरोप
संघ के सदस्यों ने कहा कि सरकार एक ओर आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाने की बात करती है, जबकि जमीनी स्तर पर काम करने वाली सेविका और सहायिकाओं की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है. उन्होंने लंबित मानदेय समेत अन्य बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की.
बैठक में बड़ी संख्या में सेविका-सहायिका शामिल
बैठक में सेविका सुषमा कुमारी, मिनी कुमारी, सुशीला तुमारी, रूबी कुमारी, इत्तु तुमारी, कुंती देवी, पुष्पा, पूनम समेत अन्य सेविका और सहायिकाएं मौजूद रहीं.
