Jehanabad News : जहानाबाद भारत की जनगणना 2027 को लेकर जहानाबाद जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिला जनगणना अधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष की अध्यक्षता में विकास भवन के सभाकक्ष में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. इसमें आंकड़ों के संकलन, सत्यापन और ऑनलाइन अपलोडिंग की प्रगति की समीक्षा की गयी.
सटीक और अपडेटेड आंकड़े जुटाने का निर्देश
बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार की संयुक्त निदेशक मंजु गुप्ता ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सभी चार्ज अधिकारियों को आंकड़ों के संकलन में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए सटीक, अद्यतन और गुणवत्तापूर्ण आंकड़े जुटाये जाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका ऑनलाइन अपलोड सुनिश्चित किया जाए.
जांच के बाद ही आंकड़ों का होगा अनुमोदन
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संकलित आंकड़ों की अच्छी तरह जांच और सत्यापन के बाद ही उनका अनुमोदन किया जाए. इससे जनगणना से जुड़े अभिलेखों में किसी तरह की त्रुटि या विसंगति की संभावना को कम किया जा सकेगा.
बैठक में डाटा संकलन, सत्यापन, अनुमोदन और ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रगति की भी समीक्षा हुई. सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय की नोडल पदाधिकारी श्रुति शैलेश, सभी चार्ज अधिकारी व अपर चार्ज अधिकारी, अवर सांख्यिकी पदाधिकारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कार्यपालक सहायक और जिला सांख्यिकी कार्यालय के कर्मी मौजूद रहे.
