तीन किमी की दूरी तय करने में लगते हैं 30 मिनट
जहानाबाद नगर : शहरी क्षेत्र में यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहनों का परिचालन किया जा रहा है. ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाये गये सभी नियमों को धता बताते हुए वाहन चालक गाड़ियों का परिचालन करते हैं, जिसके कारण शहर में जगह-जगह जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है.
ऐसे में शहरी क्षेत्र की तीन किमी की दूरी तय करने में कम-से-कम 30 मिनट का समय लग रहा है. यातायात नियमों की अनदेखी के बाद भी शहरी क्षेत्र में परिवहन विभाग की चहलकदमी देखने को नहीं मिल रही है. इसके कारण जाम की समस्या से आम लोग जूझ रहे हैं. शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पिछले दिनों कई कदम उठाये गये थे, लेकिन इसका कोई असर यातायात व्यवस्था पर नहीं दिख रहा है. जिला प्रशासन ने नगर सेवा के रूप में संचालित ऑटो के ठहराव हेतु जगह-जगह पर स्थान चिह्नित कर ऑटो स्टैंड बनाया था. इसके लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग भी करायी गयी थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं दिख रहा है.
ऑटो चालक अपनी मनमर्जी से जहां इच्छा हुई, वहीं ऑटो लगा कर यात्रियों को चढ़ाते-उतारते देखे जा रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ जिला मुख्यालय से घोसी तथा टेहटा एवं मखदुमपुर जाने वाली ऑटो के लिए दरधा नदी पुल के समीप स्टैंड का निर्माण प्रशासन द्वारा कराया गया था. शुरुआती दिनों में तो ऑटो चालक पुल के नीचे सवारी चढ़ाया-उतारा करते थे, लेकिन वर्तमान समय में वे सड़क पर ही सवारी चढ़ाते-उतारते हैं.
इसके कारण दरधा नदी पुल के समीप दिन भर जाम लगा रहता है. वहीं दूसरी तरफ अरवल मोड़ से राजाबाजार की ओर आने वाली रेलवे अंडरपास भी जाम का कारण बना रहता है. इसके बावजूद प्रशासन के सक्रिय नहीं रहने से लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अरवल मोड़ के आसपास सड़क पर डिवाइडर के रूप में पत्थर लगाये थे, लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए आगे निकलने के चक्कर में डिवाइडर को अनदेखा करते हैं.
