आरक्षी व फरार आरोपित के विरुद्ध नगर थाने में एफआइआर दर्ज
एसपी ने कहा -सिपाही के विरुद्ध होगी बरखास्तगी की कार्रवाई
जहानाबाद : शहर के स्टेशन रोड स्थित आइडीबीआइ बैंक के समीप संचालित एक कबाड़ दुकान से शराब पीते और जुआ खेलते गिरफ्तार किया गया. जुआरियों का सरगना मुकेश कुमार सिंह उर्फ मुन्ना के पुलिस कस्टडी से भाग जाने के मामले में नगर थाना के आरक्षी बाबू सिंह यादव को सस्पेंड कर दिया गया है. इस सिपाही पर उक्त आरोपित को मिली भगत के तहत भगाने का आरोप है. इस गंभीर मामले में नगर थाना में एक और प्राथमिकी दर्ज की गयी है. नगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पाल के बयान पर दर्ज एफआइआर में नगर थाना के सिपाही बाबू सिंह यादव एवं फरार आरोपित मुकेश कुमार उर्फ मुन्ना को आरोपित बनाया गया है.
एसपी आदित्य कुमार ने पुष्टि की है कि उक्त सिपाही को गुरुवार को निलंबित कर दिया गया. उसे बरखास्त किया जायेगा. कार्रवाई की जा रहीं है. बता दे कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाने की पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित बबन कुमार की कबाड़ दुकान में छापेमारी कर शहर एवं आस-पास के आठ युवकों को जुआ खेलते और शराब पीते मंगलवार की रात गिरफ्तार किया गया था. पकड़ गये लोगों में शहर के कुछ प्रमुख व्यवसायियों के बेटे या खुद व्यापारी है.
इसमें छोटकी कल्पा गांव के निवासी मुकेश कुमार सिंह उर्फ मुन्ना की भी गिरफतारी हुई थी. पुलिस के अनुसार मुन्ना जुआरियों का सरगना है जो जुआ खेलने की कबाड़ दुकान में व्यवस्था करता था और जुआरियों के लिए शराब और खाने -पीने के सामानों का बंदोबस्त करता था. गिरफ्तार कर आठों जुआरियों को नगर थाने में लाया गया था.
थाना के गेट के पास से आरोपित मुन्ना उर्फ मुकेश जो आरक्षी बाबू सिंह यादव के बगल में गाड़ी में बैठा था जो फरार हो गया था. अन्य सात आरोपितो को थाना हाजत में बंद किया गया लेकिन उक्त सिपाही के बगल में बैठे आरोपित मुन्ना को नहीं पाया गया. पूछे जाने पर सिपाही बाबू सिंह यादव ने माकूल जवाब नहीं दिया. इसी सिपाही की मिलीभगत से आरोपित मुन्ना के पुलिस कस्टडी से फरार होने के मामले में उक्त सिपाही को सस्पेंड कर उस पर एफआइआर दर्ज की गयी है.
