सुसाइड. काले लड़के से शादी तय किये जाने पर समाप्त कर लिया जीवन
शहर की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक घर में हुई घटना
किराये के मकान में मां-बहन के साथ रहती थी आरती
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध गहराई से हो रही है जांच
जहानाबाद : शहर के निचली रोड प्रोफेसर कॉलोनी मुहल्ला में रहने वाली आरती राज (23 वर्ष) नामक युवती ने रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका हुलासगंज थाना क्षेत्र के सुभानी विगहा गांव के निवासी स्व उमेश प्रसाद की पुत्री थी जो अपनी बहने और मां के साथ प्रोफेसर कॉलोनी मुहल्ला स्थित एक मकान में किरायेदार के रूप में रहती थी. मृत युवती की एक बहन ढिबरापर मुहल्ला स्थित अपने ससुराल में रहती है वह वार्ड पार्षद है. सूचना पाकर नगर और महिला थाने के पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना का मूल कारण क्या है
यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस तहकीकात कर रही है. नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पाल ने प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध बताया है. उन्होंने कहा कि घटना का वास्तविक कारण जानने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गयी है. खबर के अनुसार युवती के घर से अचानक रोने-चिल्लाने की आवाज सुन कर मुहल्ले के लोग एकत्र हो गये. आरती का शव एक कमरे में पंखे से झूल रहा था. उसने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. वहां जुटे परिजनों ने युवती के गले से फंदा हटा कर आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कुछ ही दिन बाद होनी थी शादी
आरती की शादी कुछ ही दिनों के बाद पटना में होने वाली थी. मई माह के अंतिम सप्ताह में उसका तिलक जाना था. उसके एक परिजन के अनुसार जिस लड़के से उसका विवाह होने वाला था उसका रंग काला है. बताया गया है कि काले लड़के से रिश्ता तय किये जाने की उसे जानकारी थी. इसके बाद वह कुंठित रहने लगी थी. फिलहाल यही कहा जा रहा है
कि इसी कारण आरती ने घर के एक कमरे में बंद होकर पंखे से फंदा लगा आत्महत्या कर ली. घटनास्थल पर किसी तरह का कोई सुसाइड नोट पुलिस को नहीं मिला है. प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानकर घटना के मूल कारण तक पहुंचने के लिए पुलिस गहराई से तहकीकात कर रही है.
