सुबह 9:30 बजे ही स्कूली बच्चों को मिलेगा एमडीएम
निजी विद्यालय के बच्चे भी मानव शृंखला में बढ़-चढ़ कर लेंगे भाग
जहानाबाद,नगर : मद्य निषेध अभियान के द्वितीय चरण के तहत 21 जनवरी को बनने वाली मानव शृंखला को ऐतिहासिक बनाने में प्रशासन के साथ आम अवाम भी जुट गये हैं. हर स्तर से इस शृंखला को यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है. जिले में बनने वाली 153 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला में जिले के प्रभारी मंत्री उद्योग सह विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग जय कुमार सिंह भी शामिल होंगे. मानव शृंखला में शामिल होने से पूर्व 20 जनवरी की संध्या वे जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में समीक्षा करेंगे. वहीं दूसरी तरफ जिला पदाधिकारी इस अभियान को सफल बनाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं.
गुरुवार को भी जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. उन्होंने सभी सेक्टर एवं जोनल दंडाधिकारियों को अपने-अपने चिंहिृत इलाके में मौजूद रह मानव शृंखला में शामिल होने आने वाले सभी लोगों को व्यवस्थित ढंग से शृंखला में शामिल करायेंगे तथा शृंखला खत्म होने के उपरांत उन्हें व्यवस्थित ढंग से उनके घर रवाना करायेंगे. डीएम ने बताया कि मुख्य सचिव के स्तर से सभी जिलों को निर्देशित किया गया है कि मानव शृंखला के दौरान कोई अफरा-तफरी न हो शांतिपूर्वक लोग कतार में खड़े हों एवं समाप्त होने के बाद घर को लौट जायें. शृंखला में बीच-बीच में पेयजल तथा एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम भी तैनात रहे. मानव शृंखला में वर्ग पांच के ऊपर के बच्चे भाग लेंगे. सभी बच्चे शिक्षकों की देखरेख में शृंखला में भाग लेंगे एवं शृंखला समाप्ति के बाद घर तक पहुंचाएं. चौक-चौराहों, भीड़-भाड़ की जगहों, दुर्गम स्थानों एवं संवेदनशील स्थलों के लिए पर्याप्त सावधानी बरती जाये. डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस अभियान को सफल बनाएं .साथ ही यह सुनिश्चित कराएं की शृंखला समाप्त होने के उपरांत कोई अप्रिय घटना नहीं घटे.
वाहन चालकों को कहा -सुबह 09 से 03 बजे तक बंद रहेगा वाहनों का परिचालन: जिला पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार एवं मोटरयान निरीक्षक वाहन स्वामियों के साथ बैठक कर यह आदेश दिया कि 21 जनवरी को सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक अनिवार्य वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. वाहन स्वामियों के साथ बैठक में उन्हें बताया गया कि मद्य निषेध अभियान के तहत 21 जनवरी को मानव शृंखला बननी है .जो एनएच 110 तथा 83 के साथ अन्य मार्गों पर भी बनायी जायेगी. ऐसे में वाहनों के परिचालन से कहीं घटना-दुर्घटना न हो इसे देखते हुये अनिर्वाय वाहनों को छोड शेष सभी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
सुबह 9:30 बजे ही स्कूली बच्चों को मिलेगा एमडीएम: मानव शृंखला को देखते हुए बिहार राज्य दोपहर का भोजन योजना समिति द्वारा यह आदेश जारी किया गया है कि सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में साढ़े नौ बजे पूर्वाह्न तक भोजन तैयार करवाते हुए बच्चों को खिलाना सुनिश्चित करेंगे. भोजन के उपरांत ही बच्चे मानव शृंखला में शामिल होंगे.
इस संबंध में जिले के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, प्रखंड साधनसेवी एमडीएम, सभी कार्यरत रसोईया सह सहायक को यह आदेश दिया गया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एमडीएम रोशन आरा द्वारा आदेश देते हुए यह हिदायत भी दी है कि किसी प्रकार के लापरवाही या कार्यों के प्रति उदासीनता बरतने वाले के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी.
निजी विद्यालय के बच्चे भी मानव शृंखला में बढ़-चढ़ कर लेंगे भाग
मानव शृंखला की सफलता को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी डाॅ नवल किशोर चौधरी ने सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय संचालकों के साथ बैठक की. बैठक में उन्होंने मानव शृंखला को सफल बनाने में सभी से बढ़ चढ़ कर भाग लेने की अपील किया. अनुमंडल पदाधिकारी के बैठक के उपरांत निजी विद्यालय संचालकों ने कहा कि उनके विद्यालय के बच्चे भी मानव शृंखला में बढ़ चढ़ कर भाग लेंगे.
तथा सरकार के इस अभियान को सफल बनायेंगे. उनका कहना था कि शराब से परिवार के साथ ही देश व समाज भी बरबाद हो रहा था. सरकार ने एक मजबूत एवं जरूरी कदम उठाकर समाज में परिवर्तन लाने का प्रयास किया है. जिसमें वे सभी सहभागी बनेंगे.
