कहा, समाज को जोड़ने का माध्यम है खेल
मखदुमपुर : एसएसबी मखदुमपुर द्वारा गांधी मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. टूर्नामेंट का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष गिरिजा देवी द्वारा किया गया. इस अवसर पर एसएसबी के सेकेंड कमांडेंट मधुकर अमिताभ, उप कमांडेंट संजीव कुमार एवं सहायक कमांडेंट ऋषिकेश उपाध्याय उपस्थित थे. टूर्नामेंट की शुरुआत में सभी टीम के सदस्यों का परिचय मुख्य अतिथि से कराया गया. इस अवसर पर सेकेंड कमांडेंट मधुकर अमिताभ द्वारा बताया गया कि टूर्नामेंट का आयोजन सशस्त्र सीमाबल द्वारा क्षेत्र में खेलकूद के प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है. टूर्नामेंट में आठ टीमें भाग ले रही हैं.
उन्होंने बताया कि खेल समाज को जोड़ने एवं मजबूत रखने का एक सशक्त माध्यम है. शसस्त्र सीमाबल का उद्देश्य न सिर्फ सुरक्षा प्रदान करना है अपितु सामाजिक संप्रभुता भी एक उद्देश्य है. ऐसे आयोजन से ग्रामीणों के बीच एसएसबी जवानों के प्रति विश्वास बढ़ता है तथा हम एक दूसरे के करीब आते हैं. नगर पंचायत अध्यक्षा गिरिजा सिन्हा ने कहा कि खेल से प्रेम एवं सौहार्द का वातावरण कायम होता है. टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच एसएसबी एवं पलेया के बीच खेला गया जिसमें एसएसबी की टीम ने रोमांचक मुकाबले में पलेया टीम को 24 रनों से पराजित कर दिया. टूर्नामेंट देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एकत्रित थे. वे एसएसबी के इस प्रयास की सराहना कर रहे थे.
