लोगों का घरों से निकलना हुआ मुश्किल

जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए बाल्टी फैक्टरी रोड में नाला निर्माण के लिए गड्ढा खोद कर छोड़ देने के कारण उसमें गिर कर लोग घायल हो रहे हैं. वहीं मुहल्ले के लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है. जहानाबाद (नगर) : शहर के वार्ड संख्या नौ एवं 10 के आधा दर्जन […]

जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए बाल्टी फैक्टरी रोड में नाला निर्माण के लिए गड्ढा खोद कर छोड़ देने के कारण उसमें गिर कर लोग घायल हो रहे हैं. वहीं मुहल्ले के लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है.
जहानाबाद (नगर) : शहर के वार्ड संख्या नौ एवं 10 के आधा दर्जन से अधिक मुहल्लों को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए बाल्टी फैक्टरी रोड में नाला निर्माण का कार्य आरंभ हुआ था. जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए गड्ढा खोदवाया गया, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी अब तक नाला निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे मुहल्ले के लोगों में निराशा है.
वहीं नाला निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा बरसात के कारण लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. गड्ढा्रे में बारिश तथा नाली का पानी भर जाने के कारण अक्सर लोग इसमें गिर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. वहीं जलजमाव व कीचड़ के कारण इस मार्ग पर चलना मुश्किल हो रहा है. हालात इस कदर बदतर हो गये हैं कि मुहल्ले के लोगों को घरों से निकलना भी मुश्किल हो रहा है.
94 लाख की लागत से बनना है नाला : शहर के वार्ड संख्या नौ एवं 10 में रहनेवाले लोगों को जलजमाव से मुक्ति दिलाने को लेकर 94 लाख की लागत से नाला का निर्माण कराया जाना है. इस नाला का निर्माण हो जाने से इन दोनों वार्डों के आधा दर्जन से अधिक मुहल्लों के लोगों को जलजमाव की समस्या से मुक्ति मिल जायेगी. प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य आरंभ कराने पर लोगों में आस जगी थी कि अब उन्हें नारकीय जीवन से मुक्ति मिलेगी.
पर एक माह बीत जाने के बाद भी जब नाला निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ, तब लोगों में निराशा छाा गयी. इस नाले के निर्माण से शांति नगर ,श्यामनगर ,बाल्टी फैक्टरी रोड, शहीद भगत सिंह नगर ,पूर्वी उंटा ,मदारपुर सहित अन्य कई मुहल्लों के लोगों को लाभ मिलेगा.
नाला निर्माण की मांग को लेकर कई बार हुआ है आंदोलन : बाल्टी फैक्टरी रोड में नाला निर्माण की मांग को लेकर कई बार आंदोलन हो चुका है. मुहल्ले के लोगों द्वारा जिला प्रशासन से कई बार गुहार लगाये जाने के साथ ही पटना -गया मुख्य मार्ग को भी जाम किया गया. हालाकि इस गंभीर समस्या के निदान को लेकर प्रशासन द्वारा गत कई वर्षों से आश्वासन दिया जाता रहा है.लेकिन नाला निर्माण नहीं होने से उनकी समस्या और बढ़ गयी है. घरों में नाली का पानी तो प्रवेश कर ही रहा है. घरों से निकलना भी मुश्किल हो रहा है.
नाला निर्माण के लिए हो रहा रिटेंडर : बाल्टी फैक्टरी रोड में नाला निर्माण के लिए दो माह पूर्व ही नगर पर्षद द्वारा टेंडर निकाला गया था. लेकिन एकल टेंडर होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया .
हालांकि इस बीच प्रशासन द्वारा नाला निर्माण के लिए जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए गड्ढे की खुदाई करा दी गयी. वहीं टेंडर कैंसिल होने के बाद नगर पर्षद द्वारा इसका फिर से रिटेंडर कराया जा रहा है. इसके लिए अभी सूचना का प्रकाशन नहीं कराया गया है. ऐसे में रिटेंडर में एक माह से अधिक समय लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है. इस दौरान बारिश के मौसम के कारण मुहल्ले के लोगों को और परेशानी झेलनी पड़ सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >