मंदिर परिसर में महिला सिपाही एवं दंडाधिकारियों की होगी प्रतिनियुक्ति
जहानाबाद नगर : बराबर की तलहट्टी में श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर बैठक हुई. जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों ने भाग लिया. बैठक में डीएम ने मेले से संबंधित सभी विभाग के पदाधिकारियों को कई निर्देश दिये. विधि-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए डीएम ने स्वयं स्थलों का निरीक्षण कर पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया.
डीएम ने जिला योजना पदाधिकारी को वायरलेस सेट की व्यवस्था तथा दंडाधिकारियों की प्रशिक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये. डीएम ने कहा कि मेला परिसर में फायर ब्रिगेड, बिजली, पेयजल,मेडिकल कैंप, शौचालय, चापाकल इत्यादि की व्यवस्था ठीक ढंग से हो इसके लिए संबंधित पदाधिकारी मुस्तैद रहें.
नगरपालिका मखदुमपुर पूरे परिसर की साफ -सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करेंगे. सीढ़ियों पर पूरी तरह से लाइट की व्यवस्था होगी. नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त सारे दंडाधिकारियों एवं पदाधिकारियों का मोबाइल नंबर मौजूद होगा. मंदिर परिसर में महिला सिपाही एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति होगी.उक्त बैठक में अपर समाहर्ता रमेशचंद्र झा, अनुमंडल पदाधिकारी डाॅ नवल किशोर चौधरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता अमिताभ सिन्हा, प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा सुधीर सिन्हा, जिला योजना पदाधिकारी अर्जुन सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार चौधरी, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संगठन, पथ प्रमंडल, भवन प्रमंडल, विद्युत प्रमंडल इत्यादि उपस्थित थे.
