शिक्षा विभाग की मासिक बैठक में दिया निर्देश
एसीआर पूरा नहीं कराने वाले सभी बीइओ का रोका वेतन
जहानाबाद नगर : जिले के सभी विद्यालयों में लंच के बाद भी बच्चों की हाजिरी ली जायेगी. इसी हाजिरी को बच्चों की उपस्थिति का पैमाना माना जायेगा. उक्त निर्देश जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने शिक्षा विभाग की मासिक बैठक में दिया.
लंच के बाद बच्चों की विद्यालयों में उपस्थिति नगण्य होने की शिकायतें मिलने से आहत डीएम ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे प्रतिदिन लंच के बाद हाजिरी लेने का निर्देश प्रधानाध्यापकों को दें. उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति कराने का निर्देश दिया . डीएम ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यालयों का संचालन बेहतर ढ़ंग से हो इसके लिए शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों को एक-एक विद्यालय गोद लेने का निर्देश दिया .
बैठक में वर्ग कक्ष निर्माण की समीक्षा करने के बाद डीएम ने एसीआर निर्माण पूरा नहीं होने के कारण सभी बीइओ का वेतन बंद करने का आदेश दिया . वहीं सभी बीइओ को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करायें की समय से विद्यालय का संचालन बिहार गीत के साथ हो. उन्होंने निर्देश दिया कि जिन-जिन विद्यालयों में एसीआर के लिए पैसा दिया गया है और निर्माण नहीं हुआ है वहां से पैसा वापस मंगवाया जाये.
अगर पैसा वापस आने में परेशानी हो तो संबंधित विद्यालय के प्रधान पर सर्टिफिकेट केस करें . अगर एसीआर का निर्माण पूरा हो गया है तो 15 दिनों के अंदर एमवी बुक के साथ प्रतिवेदन देना सुनिश्चित करें. डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे एमडीएम का भी निरीक्षण करें .बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सच्चिदानंद प्रसाद ,डीपीओ एसएसए नीरज कुमार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
