तंबाकू मुक्त विश्व दिवस पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
जहानाबाद नगर : स्थानीय मानस इंटरनेशनल विद्यालय में तंबाकू मुक्त विश्व दिवस पर निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया . कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक प्रो.अरुण कुमार सिन्हा ने किया . इस अवसर पर प्रो. सिन्ह ने कहा कि तंबाकू एक मीठा एवं धीमा जहर है .
जो धीरे-धीरे आदमी की जान लेता है . तंबाकू के सेवन से जीवनशक्ति का भी हृास होता है . तंबाकू के उपयोग से कई प्रकार के रोग होते हैं तथा शरीर पर इसका व्यापक प्रभाव पड़ता है .उन्होंने नशा मुक्ति के लिए आर्युवैदिक विधि की जानकारी देते हुए बताया कि 50 ग्राम सौंफ एवं इतने ही मात्रा में अाजवाइन लेकर उसे तलें तथा उसमें नींबू का रस एवं काला नमक डाल दें . उसे जब भी सिगरेट या तंबाकू की तलब हो उसे अपने मुंह में रख लें .
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मृत्यूंजय कुमार ने कहा कि तंबाकू की हर चुटकी मौत की ओर ले जा रही है . इससे लोगों को बचना चाहिए . वहीं उमाकांत शर्मा ने कहा कि हमें संकल्प लेना होगा कि न हम खुद नशा करेंगे और न ही अन्य लोगों को नशा के लिए प्रोत्साहित करेंगे .
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा नशामुक्ति से संबंधित पेंटिंग तथा निबंध प्रतियोगिता करायी गयी ,जिसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया . कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक राकेश कुमार , राजीव कुमार , चंदन कुमार , राघवेंद्र कुमार , रणधीर कुमार , अनिल कुमार आदि उपस्थित थे .
