ससुराल गया था युवक, हत्या की आशंका
परसबिगहा थाने के अबगीला गांव की है घटना
अभी एफआईआर दर्ज नहीं, पुलिस कर रही मामले की जांच
जहानाबाद/रतनी : परसबिगहा थाना क्षेत्र के अबगीला गांव के बधार में 25 वर्षीय एक युवक का शव मिलने से सनसनी मच गयी है. शव शीशम के एक पेड़ से लटका हुआ था. उसके गले में गमछा का फंदा था और उसी गमछे के सहारे वह पेड़ से लटका था. प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. युवक की हत्या की गयी है या यह आत्महत्या का मामला है, इन बिंदुओं पर पुलिस तहकीकात कर रही है.
शव का पोस्टमार्टम जहानाबाद सदर अस्पताल में कराया गया. इस संबंध में मृतक के किसी भी परिजन के द्वारा एफआईआर दर्ज करने के लिए थाने में अभी तक लिखित बयान दर्ज नहीं कराया गया है. परसबिगहा थानाध्यक्ष रितुराज ने बताया कि शव का अंतिम संस्कार करने के लिए उसके परिजन ले गए हैं. वहां से लौटने के बाद एफआइआर दर्ज कराने की बात कही गयी है.
जानकारी के अनुसार मृत युवक का नाम श्रवण कुमार था. वह जहानाबाद के नयाटोला मोहल्ले का निवासी बताया गया है. फिलहाल जो मामले उभरे हैं उसके अनुसार करीब एक साल पूर्व श्रवण कुमार ने अबगीला गांव निवासी एक लड़की से शादी की थी़ दोनों के बीच कोर्ट मैरेज हुआ था. युवक की बहन रिंकी कुमारी के अनुसार, उसके भाई की गला दबाकर हत्या की गयी है. वह एक दिन पूर्व वह अपने ससुराल अबगीला गया था. आरोप लगाया गया है कि हत्या करने के बाद अपराधियों ने शव को अबगीला-मुस्तीचक के बीच पइन के रास्ते पर एक शीशम के पेड़ से लटका दिया. बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. हत्या के कारणों की जांच में जुटी है. एफआइआर के बाद कुछ मामले का खुलासा होने की उम्मीद है.
