मोबाइल का सिम, चार्जर, हेडफोन अधिकारियों ने किया जब्त
टेलीफोन व मोबाइल नंबर लिखी एक डायरी भी मिली
एसडीओ व एसडीपीओ के नेतृत्व में घंटो ली गयी तलाशी
महिला कैदी वार्ड से जब्त हुए सामान, एफआइआर दर्ज
जहानाबाद : जिले के काको स्थित मंडल कारा में मंगलवार को अधिकारियों की टीम ने औचक तलाशी अभियान चलाया. जिसमें एक वार्ड से मोबाइल फोन के सिम, चार्जर, एयर फोन और कई मोबाइल नंबर लिखी एक डायरी जब्त की गयी. एसडीओ डाॅ. नवल किशोर चौधरी, एसडीपीओ अशफाक अंसारी के नेतृत्व में काको थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार और महिला पुलिस के अलावा जेल सुपरिटेंडेट और जेलर तलाशी के दौरान शामिल थे. घंटो ली गयी तलाशी के दौरान जेल के सभी वार्डों और सेल की जांच की गयी. जो सामान जब्त किये गये हैं वह एक महिला कैदी वार्ड से हुई है.
इस संबंध में कारा प्रशासन के द्वारा काको थाने में एफआइआर दर्जकरायी गयी है. मिली जानकारी के अनुसार इन दिनों मंडल कारा काको में बंदियों के बीच गुटबाजी व्याप्त हो गयी है. कैदी दो -तीन खेमे में बंटे हैं. सूत्रों से प्राप्त खबर के अनुसार बंदियों को जेल मैन्यूअल के मुताबिक सुविधा दिलाते रहने के लिए बंदी आपस में अपने एक नेता का चयन करते हैं. इसे लेकर नक्सली संगठनों के समर्थक बंदी एवं अन्य बंदी खेमेबाजी में विभक्त हैं.
इसकी भनक प्रशासन को भी मिली. साथ ही जेल में विधि-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ बनाये रखने के उद्देश्य से अधिकारियों ने मंगलवार को पूर्वाह्न जेल में पहुंच कर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें एक महिला वार्ड से सिम, चार्जर, हेडफोन, व मोबाइल फोन के नंबर जब्त किये गये. एक आपराधिक मामले में बंद संगीता देवी नामक बंदी जिस वार्ड में है वहीं से उक्त सामान जब्त किये गये .काको थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी.
