लापरवाही के आरोप में दो कक्षपालों पर कार्रवाई संभव
जहानाबाद : विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाये रखने के मद्देनजर काको स्थित मंडल कारा में शनिवार को तलाशी अभियान चलाया गया. जेल के पदाधिकारियों ने इस दौरान वार्डों और सेलों की सघन तलाशी ली. पुरुषों के अलावा महिला वार्डों की भी घंटों तलाशी ली गयी. लेकिन, कहीं कोई भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला. जेल अधीक्षक रामचंद्र प्रसाद ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि दो कक्षपालों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने की शिकायत उन्हें मिली है. जांचोपरांत कक्षपाल मनोज सिंह और कामेश्वर पासवान के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जायेगी. उन्हें ड्यूटी से हटाया जा सकता है.
जेल में लगेंगे दो पीसीओ : जहानाबाद मंडलकारा में बंद कैदियों और बंदियों को शीघ्र एक नयी सुविधा मिलनेवाली है. वह सुविधा है टेलीफोन से बातचीत करने की. इसके लिए सरकार के निर्देशानुसार जहानाबाद जिला जेल में बीएसएनएल के द्वारा दो पीसीओ बूथ स्थापित किये जायेंगे. इसके लिए राशि का आवंटन प्रशासन को प्राप्त हो गया है. यह जानकारी जेल सुपरिटेंडेंट ने दी. उन्होंने स्पष्ट किया है कि पीसीओ स्थापित होने से बंदी अपने परिवार के लोगों से बातचीत कर सकेगें. पीसीओ में सिर्फ आउट गोइंग कॉल की सुविधा होगी.
