जहानाबाद : ले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के धंधे के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में 24 घंटे के भीतर 40 अवैध भट्ठियों को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया. इस दौरान 18 क्विंटल से अधिक जावा महुआ और शराब बनाने के उपकरणों को नष्ट किया गया. करीब 50 लीटर निर्मित अवैध शराब जब्त की गयी. इस धंधे में लिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. छापेमारी हुलासगंज, घोसी और परसबिगहा थाना क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों में की गयी.
हुलासगंज थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में सशस्त्र बलों ने थाना क्षेत्र के लोदीपुर भुटोली, तीर्रा, मलहचक, और वनवरिया महादलित टोले में रविवार को घंटो छापेमारी की. इन टोलों में व्यापक पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा था. पुलिस ने महादलित टोलों में संचालित 20 भट्ठियों को तोड़ा और करीब पांच क्विंटल बोजा हुआ महुआ नष्ट कर दिया. 50 लीटर निर्मित शराब भी वहां से जब्त किया गया है. रविवार को ही परसबिगहा थाना क्षेत्र के मुस्तीचक गांव के समीप छापेमारी की गयी. थानाध्यक्ष रितुराज ने अभियान के दौरान आधे दर्जन भट्ठियों को ध्वस्त कर करीब तीन क्विंटल जावा महुआ नष्ट कर दिया.
पुलिस को आते देख धंधेबाज भाग निकले. शनिवार की रात घोसी थाना क्षेत्र के सरमा, गोपालगंज, शेखपुरा महादलित टोला, धामापुर और साहोबिगहा गांवों में पुलिस ने छापा मारा. मद्य निषेद्य अभियान के तहत हुई छापेमारी में इन गांवों से एक दर्जन से अधिक अवैध भट्ठियों को ध्वस्त किया गया और 10 क्विंटल से अधिक फुलाया हुआ महुआ नष्ट कर दिया गया. घोसी प्रतिनिधि के अनुसार पुलिस ने सरमा पुल के समीप मंदिर के निकट अवैध शराब बेचते एक विकलांग व्यक्ति को गिरफ्तार किया. पकड़ा गया व्यक्ति अजीत शर्मा सरमा गांव का निवासी है. उसे जेल भेजा गया है. पुलिस के अभियान से अवैध शराब के धंधेबाजों के बीच हड़कंप मच गयी है.
